अध्याय ५१

अध्याय ५१

।। अथ श्रीसाईसच्चरित ।। अध्याय ५१ उपसंहार नोट: इस संस्करण में अध्याय 50 के रूप में मूल ग्रंथ का अध्याय 51 रखा गया है। इसके बाद आने वाला यह अध्याय 51 मूल ग्रंथ का 52वाँ अध्याय है और इसमें हेमाडपंत ने अंतिम समालोचना तथा उपसंहार प्रस्तुत किया है। उपसंहार अध्याय ५१ पूर्ण हो चुका है और अब अंतिम अध्याय (मूल ग्रंथ का ५२वाँ अध्याय) लिखा जा रहा है। इसमें हेमाडपंत ने अंतिम समालोचना की है और उसी प्रकार सूची लिखने का वचन दिया था, जिस प्रकार कि अन्य मराठी धार्मिक काव्यग्रंथों में विषय की सूची अंत में लिखी जाती है। अभाग्यवश हेमाडपंत के कागज-पत्रों की छानबीन करने पर भी वह सूची प्राप्त न हो सकी। तब बाबा के एक योग्य तथा धार्मिक भक्त, ठाणे के अवकाशप्राप्त मामलतदार श्री बी. व्ही. देव ने उसे रचकर प्रस्तुत किया। पुस्तक के प्रारम्भ में ही विषयसूची देने तथा प्रत्येक अध्याय में विषय का संकेत शीर्षक स्वरूप लिखना ही आधुनिक प्रथा है, इसलिए यहाँ अनुक्रमणिका नहीं दी जा रही है। अतः इस अध्याय को उपसंहार समझना ही उपयुक्त होगा। अभाग्यवश हेमाडपंत उस समय तक जीवित न रहे कि वे अपने लिखे हुए इस अध्याय की प्रति में संशोधन करके उसे छपने योग्य बना पाते। श्री सद्गुरु साई की महानता हे साई, मैं आपकी चरण-वंदना कर आपसे 'शरण' की याचना करता हूँ, क्योंकि आप ही इस अखिल विश्व के एकमात्र आधार हैं। यदि ऐसी ही धारणा लेकर हम उनका भजन-पूजन करें तो यह निश्चित है कि हमारी समस्त इच्छाएँ शीघ्र पूर्ण होंगी और हमें अपने परम लक्ष्य की प्राप्ति हो जाएगी। आज निंदित विचारों के तट पर माया-मोह के झंझावात से धैर्यरूपी वृक्ष की जड़ें उखड़ गई हैं। अहंकाररूपी वायु की प्रबलता से हृदयरूपी समुद्र में तूफान उठ खड़ा हुआ है, जिसमें क्रोध और घृणारूपी घड़ियाल तैरते हैं। अहंभाव एवं संदेहरूपी नाना संकल्प-विकल्पों की संतत भँवरों में निंदा, घृणा और ईर्ष्यारूपी अगणित मछलियाँ विहार कर रही हैं। यद्यपि यह समुद्र इतना भयानक है तो भी हमारे सद्गुरु साई महाराज उसमें अगस्त्य स्वरूप ही हैं। इसलिए भक्तों को किंचित् मात्र भी भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है। हमारे सद्गुरु तो जहाज हैं और वे हमें कुशलतापूर्वक इस भयानक भव-सागर से पार उतार देंगे। प्रार्थना श्री सच्चिदानंद साई महाराज को साष्टांग नमस्कार करके उनके चरण पकड़कर हम सब भक्तों के कल्याणार्थ उनसे प्रार्थना करते हैं- "हे साई! हमारे मन की चंचलता और वासनाओं को दूर करो। हे प्रभो! तुम्हारे श्रीचरणों के अतिरिक्त हममें किसी अन्य वस्तु की लालसा न रहे।" "तुम्हारा यह चरित्र घर-घर पहुँचे और इसका नित्य पठन-पाठन हो और जो भक्त इसका प्रेमपूर्वक अध्ययन करें, उनके समस्त संकट दूर हों।" फलश्रुति - अध्ययन का पुरस्कार अब इस पुस्तक के अध्ययन से प्राप्त होने वाले फल के सम्बन्ध में कुछ शब्द लिखूँगा। इस ग्रंथ के पठन-पाठन से मनोवांछित फल की प्राप्ति होगी। पवित्र गोदावरी नदी में स्नान कर, शिरडी के समाधि मंदिर में श्री साईबाबा की समाधि के दर्शन कर लेने के पश्चात् इस ग्रंथ का पठन-पाठन या श्रवण प्रारम्भ करोगे तो तुम्हारी तिगुनी आपत्तियाँ भी दूर हो जाएँगी। समय-समय पर श्री साईबाबा की कथा-वार्ता करते रहने से तुम्हें आध्यात्मिक जगत के प्रति अभिरुचि हो जाएगी और यदि तुम इस प्रकार नियम तथा प्रेमपूर्वक अभ्यास करते रहे तो तुम्हारे समस्त पाप अवश्य नष्ट हो जाएँगे। यदि सचमुच ही तुम आवागमन से मुक्ति चाहते हो तो तुम्हें साई-कथाओं का नित्य पठन-पाठन, स्मरण और उनके चरणों में प्रगाढ़ प्रीति रखनी चाहिए। साई-कथारूपी समुद्र का मंथन कर उसमें से प्राप्त रत्नों का दूसरों को वितरण करो, जिससे तुम्हें नित्य नूतन आनंद का अनुभव होगा और श्रोतागण अधःपतन से बच जाएँगे। यदि भक्तगण अनन्य भाव से उनकी शरण आएँ तो उनका "मैं" नष्ट होकर बाबा से अभिन्नता प्राप्त हो जाएगी, जैसे कि नदी समुद्र में मिल जाती है। यदि तुम तीन अवस्थाओं, अर्थात् जागृति, स्वप्न और निद्रा में से किसी एक में भी साई-चिंतन में लीन हो जाओ तो तुम्हारा सांसारिक चक्र से छुटकारा हो जाएगा। स्नान कर प्रेम और श्रद्धायुक्त होकर जो इस ग्रंथ का एक सप्ताह में पठन समाप्त करेंगे, उनके सारे कष्ट दूर हो जाएँगे। "सततं कीर्तयन्तो मां यतन्तश्च दृढ़व्रताः। नमस्यन्तश्च मां भक्त्या नित्ययुक्ता उपासते।। - गीता ९/१४" या जो इसका नित्य पठन या श्रवण करेंगे, उन्हें सब भयों से तुरन्त छुटकारा मिल जाएगा। इसके अध्ययन से हर एक को अपनी श्रद्धा और भक्ति के अनुसार फल मिलेगा। परन्तु इन दोनों के अभाव में किसी भी फल की प्राप्ति होना संभव नहीं है। यदि तुम इस ग्रंथ का आदरपूर्वक पठन करोगे तो श्री साई प्रसन्न होकर तुम्हें अज्ञान और दरिद्रता के पाश से मुक्त कर, ज्ञान, धन और समृद्धि प्रदान करेंगे। यदि एकाग्रचित्त होकर नित्य एक अध्याय ही पढ़ोगे तो तुम्हें अपरिमित सुख की प्राप्ति होगी। इस ग्रंथ को अपने घर पर गुरु पूर्णिमा, गोकुल अष्टमी, रामनवमी, विजयादशमी और दीपावली के दिन अवश्य पढ़ना चाहिए। यदि ध्यानपूर्वक तुम केवल इसी ग्रंथ का अध्ययन करते रहोगे तो तुम्हें सुख और संतोष प्राप्त होगा और सदैव श्री साई चरणारविंदों का स्मरण बना रहेगा। इस प्रकार तुम भवसागर से सहज ही पार हो जाओगे। इसके अध्ययन से रोगियों को स्वास्थ्य, निर्धनों को धन, दुःखित और पीड़ितों को संपन्नता मिलेगी तथा मन के समस्त विकार दूर होकर मानसिक शांति प्राप्त होगी। मेरे प्रिय भक्त और श्रोतागण! आपको प्रणाम करते हुए मेरा आपसे एक विशेष निवेदन है कि जिनकी कथा आपने इतने दिनों और महीनों से सुनी है, उनके कलिमलहारी और मनोहर चरणों को कभी विस्मृत न होने दें। जिस उत्साह, श्रद्धा और लगन के साथ आप इन कथाओं का पठन या श्रवण करेंगे, श्री साईबाबा वैसे ही सेवा करने की बुद्धि हमें प्रदान करेंगे। लेखक और पाठक इस कार्य में परस्पर सहयोग देकर सुखी हों। प्रसाद-याचना अंत में हम इस पुस्तक को समाप्त करते हुए सर्वशक्तिमान परमात्मा से निम्नलिखित कृपा या प्रसाद-याचना करते हैं- "हे ईश्वर! पाठकों और भक्तों को श्री साई-चरणों में पूर्ण और अनन्य भक्ति दो। श्री साई का मनोहर स्वरूप ही उनकी आँखों में सदा बसा रहे और वे समस्त प्राणियों में देवाधिदेव साई भगवान् का ही दर्शन करें।" एवमस्तु। ।। श्री सद्गुरु साईनाथार्पणमस्तु । शुभं भवतु ।। ।। ॐ श्री साई यशःकाय शिरडीवासिने नमः ।। समाप्त