अध्याय ५०

अध्याय ५०

।। अथ श्रीसाईसच्चरित ।। अध्याय ५० (1) काकासाहेब दीक्षित, (2) श्री टेंबे स्वामी और (3) बालाराम धुरंधर की कथाएँ श्री टेंबे स्वामी अब हम द्वितीय कथा पर आते हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि संत परस्पर एक-दूसरे को किस प्रकार आत्मवत् प्रेम किया करते हैं। एक बार श्री वासुदेवानंद सरस्वती, जो श्री टेंबे स्वामी के नाम से प्रसिद्ध हैं, ने गोदावरी के तीर पर राजमहेंद्री में आकर डेरा डाला। वे भगवान् दत्तात्रेय के कर्मकांडी, ज्ञानी तथा योगी भक्त थे। नांदेड (निजाम स्टेट) के एक वकील अपने मित्रों के साथ उनसे भेंट करने आए और वार्तालाप करते-करते श्री साईबाबा की चर्चा भी निकल पड़ी। बाबा का नाम सुनकर स्वामीजी ने उन्हें करबद्ध प्रणाम किया और पुंडलीकराव (वकील) को एक श्रीफल देकर उन्होंने कहा- "तुम जाकर मेरे भ्राता श्री साई को प्रणाम करना और कहना कि न मुझे बिसरें तथा सदैव मुझ पर कृपादृष्टि रखें।" उन्होंने यह भी बताया कि सामान्यतः एक स्वामी दूसरे को प्रणाम नहीं करता, परन्तु यहाँ विशेष रूप से ऐसा किया गया है। श्री पुंडलीकराव ने श्रीफल लेकर कहा- "मैं इसे बाबा को दे दूँगा तथा आपका संदेश भी कह दूँगा।" स्वामी ने बाबा को जो 'भाई' शब्द से संबोधित किया था, वह बिल्कुल ही उचित था। उधर स्वामीजी अपनी कर्मकांडी पद्धति के अनुसार दिन-रात अग्निहोत्र प्रज्वलित रखते थे और इधर बाबा की धूनी दिन-रात मस्जिद में जलती रहती थी। नारियल की लीला एक मास के पश्चात् पुंडलीकराव अन्य मित्रों सहित श्रीफल लेकर शिरडी को रवाना हुए। जब वे मनमाड पहुँचे तो प्यास लगने के कारण एक नाले पर पानी पीने गए। खाली पेट पानी न पीना चाहिए, यह सोचकर उन्होंने कुछ चिवड़ा खाने को निकाला, जो खाने में कुछ अधिक तीखा-सा प्रतीत हुआ। उसका तीखापन कम करने के लिए किसी ने नारियल फोड़कर उसमें खोपरा मिला दिया और इस तरह उन लोगों ने चिवड़ा स्वादिष्ट बनाकर खाया। अभाग्यवश जो नारियल उनके हाथ से फूटा, वह वही था जो स्वामीजी ने पुंडलीकराव को भेंट में देने को दिया था। शिरडी के समीप पहुँचने पर उन्हें नारियल की स्मृति हो आई। उन्हें यह जानकर बड़ा ही दुःख हुआ कि भेंटस्वरूप दिए जाने वाला नारियल ही फोड़ दिया गया है। डरते-डरते और काँपते हुए वे शिरडी पहुँचे और वहाँ जाकर उन्होंने बाबा के दर्शन किए। बाबा को तो यहाँ नारियल के सम्बन्ध में स्वामी से बेतार का तार प्राप्त हो चुका था। इसीलिए उन्होंने पहले से ही पुंडलीकराव से प्रश्न किया- "मेरे भाई की भेजी हुई वस्तु लाओ।" उन्होंने बाबा के चरण पकड़कर अपना अपराध स्वीकार करते हुए अपनी चूक के लिए उनसे क्षमा-याचना की। वे उसके बदले में दूसरा नारियल देने को तैयार थे, परन्तु बाबा ने यह कहते हुए उसे अस्वीकार कर दिया- "उस नारियल का मूल्य इस नारियल से कई गुना अधिक था और उसकी पूर्ति इस साधारण नारियल से नहीं हो सकती।" फिर वे बोले- "अब तुम कुछ चिंता न करो। मेरी ही इच्छा से वह नारियल तुम्हें दिया गया तथा मार्ग में फोड़ा है। तुम स्वयं में कर्तापन की भावना क्यों लाते हो? कोई भी श्रेष्ठ या कनिष्ठ कर्म करते समय अपने को कर्ता न जानकर, अभिमान तथा अहंकार से परे होकर ही कार्य करो, तभी तुम्हारी द्रुत गति से प्रगति होगी।" कितना सुंदर उनका यह आध्यात्मिक उपदेश था। "प्रकृतेः क्रियमाणानि गुणैः कर्माणि सर्वशः। अहंकारविमूढात्मा कर्ताहमिति मन्यते।। - गीता ३/२७" "तस्मादसक्तः सततं कार्यं कर्म समाचर। असक्तो ह्याचरन्कर्म परमाप्नोति पूरुषः।। - गीता ३/१९" श्री बालाराम धुरंधर (१८७८-१९२५) सांताक्रूज़, बंबई के श्री बालाराम धुरंधर प्रभु जाति के एक सज्जन थे। वे बंबई के उच्च न्यायालय में एडवोकेट थे तथा किसी समय शासकीय विधि विद्यालय, बंबई के प्राचार्य भी थे। उनका सम्पूर्ण कुटुम्ब सात्त्विक तथा धार्मिक था। श्री बालाराम ने अपनी जाति की योग्य सेवा की और इस सम्बन्ध में एक पुस्तक भी प्रकाशित कराई। इसके पश्चात् उनका ध्यान आध्यात्मिक और धार्मिक विषयों पर गया। उन्होंने ध्यानपूर्वक गीता, उसकी टीका ज्ञानेश्वरी तथा अन्य दार्शनिक ग्रंथों का अध्ययन किया। वे पंढरपुर के भगवान् विठोबा के परम भक्त थे। सन् १९१२ में उन्हें श्री साईबाबा के दर्शनों का लाभ हुआ। छह मास पूर्व उनके भाई बाबुलजी और वामनराव ने शिरडी आकर बाबा के दर्शन किए थे और उन्होंने घर लौटकर अपने मधुर अनुभव भी श्री बालाराम तथा परिवार के अन्य लोगों को सुनाए। तब सब लोगों ने शिरडी जाकर बाबा के दर्शन करने का निश्चय किया। यहाँ शिरडी में उनके पहुँचने के पूर्व ही बाबा ने स्पष्ट शब्दों में कह दिया- "आज मेरे बहुत से दरबारीगण आ रहे हैं।" अन्य लोगों द्वारा बाबा के उपर्युक्त वचन सुनकर धुरंधर परिवार को महान् आश्चर्य हुआ। उन्होंने अपनी यात्रा के सम्बन्ध में किसी को भी पहले से सूचना न दी थी। सभी ने आकर उन्हें प्रणाम किया और बैठकर वार्तालाप करने लगे। बाबा ने अन्य लोगों को बताया- "ये मेरे दरबारीगण हैं, जिनके सम्बन्ध में मैंने तुमसे पहले कहा था।" फिर धुरंधर भ्राताओं से बोले- "मेरा और तुम्हारा परिचय साठ जन्म पुराना है।" सभी नम्र और सभ्य थे, इसलिए वे सब हाथ जोड़े हुए बैठे-बैठे बाबा की ओर निहारते रहे। उनमें सब प्रकार के सात्त्विक भाव, जैसे अश्रुपात, रोमांच तथा कंठावरोध आदि जागृत होने लगे और सबको बड़ी प्रसन्नता हुई। इसके पश्चात् वे सब अपने निवासस्थान पर भोजन को गए और भोजन तथा थोड़ा विश्राम लेकर पुनः मस्जिद में आकर बाबा के पाँव दबाने लगे। इस समय बाबा चिलम पी रहे थे। उन्होंने बालाराम को भी चिलम देकर एक फूँक लगाने का आग्रह किया। यद्यपि अभी तक उन्होंने कभी धूम्रपान नहीं किया था, फिर भी चिलम हाथ में लेकर बड़ी कठिनाई से उन्होंने एक फूँक लगाई और आदरपूर्वक बाबा को लौटा दी। बालाराम के लिए तो यह अनमोल घड़ी थी। वे छह वर्षों से श्वास-रोग से पीड़ित थे, पर चिलम पीते ही वे रोगमुक्त हो गए। उन्हें फिर कभी यह कष्ट न हुआ। छह वर्षों के पश्चात् उन्हें एक दिन पुनः श्वास-रोग का दौरा आया। यह वही महापुण्यशाली दिन था, जब बाबा ने महासमाधि ली। वे गुरुवार के दिन शिरडी आए थे। भाग्यवश उसी रात्रि को उन्हें चावड़ी उत्सव देखने का अवसर मिल गया। आरती के समय बालाराम को चावड़ी में बाबा का मुखमंडल भगवान् पांडुरंग के सदृश दिखाई पड़ा। दूसरे दिन काकड़ आरती के समय उन्हें बाबा के मुखमंडल की प्रभा अपने परम इष्ट भगवान् पांडुरंग के सदृश ही पुनः दिखाई दी। श्री बालाराम धुरंधर ने मराठी में महाराष्ट्र के महान् संत तुकाराम का जीवनचरित्र लिखा है, परन्तु खेद है कि पुस्तक प्रकाशित होने तक वे जीवित न रह सके। उनके बंधुओं ने इस पुस्तक को सन् १९२८ में प्रकाशित कराया। इस पुस्तक के प्रारम्भ में उनकी जीवनी से सम्बन्धित एक परिशिष्ट में उनकी शिरडी यात्रा का पूरा वर्णन है। ।। श्री सद्गुरु साईनाथार्पणमस्तु । शुभं भवतु ।।