अध्याय ४५

अध्याय ४५

।। अथ श्रीसाईसच्चरित ।। अध्याय ४५ संदेह निवारण काकासाहेब दीक्षित का संदेह और आनंदराव का स्वप्न, बाबा के विश्राम के लिए लकड़ी का तख्ता। प्रस्तावना गत तीन अध्यायों में बाबा के निर्वाण का वर्णन किया गया है। इसमें कोई संदेह नहीं कि अब बाबा का साकार स्वरूप लुप्त हो गया है, परन्तु उनका निराकार स्वरूप तो सदैव विद्यमान रहेगा। अभी तक केवल उन्हीं घटनाओं और लीलाओं का उल्लेख किया गया है, जो बाबा के जीवनकाल में घटित हुई थीं। उनके समाधिस्थ होने के पश्चात् भी अनेक लीलाएँ हो चुकी हैं और अभी भी देखने में आ रही हैं, जिनसे यह सिद्ध होता है कि बाबा अभी भी विद्यमान हैं और पूर्व की ही भाँति अपने भक्तों को सहायता पहुँचाया करते हैं। बाबा के जीवनकाल में जिन व्यक्तियों को उनका सान्निध्य या सत्संग प्राप्त हुआ, यथार्थ में उनके भाग्य की सराहना कौन कर सकता है? यदि किसी को फिर भी ऐंद्रिक और सांसारिक सुखों से वैराग्य प्राप्त नहीं हो सका तो इसे दुर्भाग्य के अतिरिक्त और क्या कहा जा सकता है? जो उस समय आचरण में लाया जाना चाहिए था और अभी भी लाया जाना चाहिए, वह है अनन्य भाव से बाबा की भक्ति। समस्त चेतनाओं, इन्द्रिय-प्रवृत्तियों और मन को एकाग्र कर बाबा के पूजन और सेवा की ओर लगाना चाहिए। कृत्रिम पूजन से क्या लाभ? यदि पूजन या ध्यानादि करने की ही अभिलाषा है तो वह शुद्ध मन और अन्तःकरण से होनी चाहिए। जिस प्रकार पतिव्रता स्त्री का विशुद्ध प्रेम अपने पति पर होता है, इस प्रेम की उपमा कभी-कभी लोग शिष्य और गुरु के प्रेम से भी दिया करते हैं। परन्तु फिर भी शिष्य और गुरु-प्रेम के सामने पतिव्रता का प्रेम तुच्छ है और उसकी कोई समानता नहीं की जा सकती। माता, पिता, भाई या अन्य सम्बन्धी जीवन का ध्येय, अर्थात् आत्मसाक्षात्कार, प्राप्त करने में कोई सहायता नहीं पहुँचा सकते। इसके लिए हमें स्वयं अपना मार्ग अन्वेषण कर आत्मानुभूति के पथ पर अग्रसर होना पड़ता है। सत्य और असत्य में विवेक, इहलौकिक तथा पारलौकिक सुखों का त्याग, इन्द्रियनिग्रह और केवल मोक्ष की धारणा रखते हुए अग्रसर होना पड़ता है। दूसरों पर निर्भर रहने के बदले हमें आत्मविश्वास बढ़ाना उचित है। जब हम इस प्रकार विवेक-बुद्धि से कार्य करने का अभ्यास करेंगे तो हमें अनुभव होगा कि यह संसार नाशवान और मिथ्या है। इस प्रकार की धारणा से सांसारिक पदार्थों में हमारी आसक्ति उत्तरोत्तर घटती जाएगी और अन्त में हमें उनसे वैराग्य उत्पन्न हो जाएगा। तब कहीं आगे चलकर यह रहस्य प्रकट होगा कि ब्रह्म हमारे गुरु के अतिरिक्त दूसरा कोई नहीं, वरन् यथार्थ में वे ही सद्वस्तु अर्थात् परमात्मा हैं और यह रहस्योद्घाटन होता है कि यह दृश्यमान जगत् उनका ही प्रतिबिम्ब है। अतः इस प्रकार हम सभी प्राणियों में उनके ही रूप का दर्शन कर उनका पूजन करना प्रारम्भ कर देते हैं और यही समत्वभाव दृश्यमान जगत् से विरक्ति प्राप्त करानेवाला भजन या मूलमंत्र है। इस प्रकार जब हम ब्रह्म या गुरु की अनन्यभाव से भक्ति करेंगे तो हमें उनसे अभिन्नता की प्राप्ति होगी और आत्मानुभूति की प्राप्ति सहज हो जाएगी। संक्षेप में यह कि सदैव गुरु का कीर्तन और उनका ध्यान करना ही हमें सर्वभूतों में भगवत्-दर्शन करने की योग्यता प्रदान करता है और इसी से परमानंद की प्राप्ति होती है। निम्नलिखित कथा इस तथ्य का प्रमाण है। काकासाहेब दीक्षित का संदेह तथा आनंदराव का स्वप्न यह तो सर्वविदित ही है कि बाबा ने काकासाहेब दीक्षित को श्री एकनाथ महाराज के दो ग्रन्थ-श्रीमद्भागवत और भावार्थ रामायण-का नित्य पठन करने की आज्ञा दी थी। काकासाहेब इन ग्रन्थों का नियमपूर्वक पठन बाबा के समय से करते आए हैं और बाबा के समाधिस्थ होने के उपरान्त अभी भी वे उसी प्रकार अध्ययन कर रहे हैं। एक समय चौपाटी, बम्बई में काकासाहेब प्रातःकाल एकनाथी भागवत का पाठ कर रहे थे। माधवराव देशपांडे (शामा) और काका महाजनी भी उस समय वहाँ उपस्थित थे तथा दोनों ध्यानपूर्वक पाठ श्रवण कर रहे थे। उस समय ग्यारहवें स्कन्ध के द्वितीय अध्याय का वाचन चल रहा था, जिसमें नवनाथ अर्थात् ऋषभ वंश के सिद्ध-कवि, हरि, अन्तरिक्ष, प्रबुद्ध, पिप्पलायन, आविहोत्र, द्रुमिल, चमस और करभाजन-का वर्णन है। उन्होंने राजा जनक को भागवत धर्म की महिमा समझाई थी। राजा जनक ने इन नवनाथों से बहुत महत्त्वपूर्ण प्रश्न पूछे और इन सभी ने उनकी शंकाओं का संतोषजनक समाधान किया था। कवि ने भागवत धर्म, हरि ने भक्ति की विशेषताएँ, अन्तरिक्ष ने माया क्या है, प्रबुद्ध ने माया से मुक्त होने की विधि, पिप्पलायन ने परब्रह्म के स्वरूप, आविहोत्र ने कर्म के स्वरूप, द्रुमिल ने परमात्मा के अवतार और उनके कार्य, चमस ने नास्तिक की मृत्यु के पश्चात् की गति तथा करभाजन ने कलिकाल में भक्ति की पद्धतियों का वर्णन किया। इन सबका अर्थ यही था कि कलियुग में मोक्ष प्राप्त करने का एकमात्र साधन हरिकीर्तन या गुरु-चरणों का चिंतन ही है। पठन समाप्त होने पर काकासाहेब बहुत निराशापूर्ण स्वर में माधवराव और अन्य लोगों से कहने लगे कि नवनाथों की भक्ति-पद्धति का क्या कहना है, परन्तु उसे आचरण में लाना कितना दुष्कर है। नाथ तो सिद्ध थे, परन्तु हमारे समान मूर्खों में इस प्रकार की भक्ति का उत्पन्न होना क्या कभी संभव हो सकता है? अनेक जन्म धारण करने पर भी वैसी भक्ति की प्राप्ति नहीं हो सकती तो फिर हमें मोक्ष कैसे प्राप्त हो सकेगा? ऐसा प्रतीत होता है कि हमारे लिए तो कोई आशा ही नहीं है। माधवराव को यह निराशावादी धारणा अच्छी न लगी। वे कहने लगे कि हमारा अहोभाग्य है, जिसके फलस्वरूप ही हमें साई सदृश अमूल्य हीरा हाथ लग गया है। तब फिर इस प्रकार का राग अलापना बड़ी निन्दनीय बात है। यदि तुम्हें बाबा पर अटल विश्वास है तो फिर इस प्रकार चिंतित होने की आवश्यकता ही क्या है? माना कि नवनाथों की भक्ति अपेक्षाकृत अधिक दृढ़ और प्रबल होगी, परन्तु क्या हम लोग भी प्रेम और स्नेहपूर्वक भक्ति नहीं कर रहे हैं? क्या बाबा ने अधिकारपूर्ण वाणी में नहीं कहा है कि श्रीहरि या गुरु के नाम-जप से मोक्ष की प्राप्ति होती है? तब फिर भय और चिंता को स्थान ही कहाँ रह जाता है? परन्तु फिर भी माधवराव के वचनों से काकासाहेब का समाधान न हुआ। वे दिन भर व्यग्र और चिन्तित बने रहे। यह विचार उनके मस्तिष्क में बार-बार चक्कर काट रहा था कि किस विधि से नवनाथों के समान भक्ति की प्राप्ति सम्भव हो सकेगी। एक महाशय, जिनका नाम आनंदराव पाखाडे था, माधवराव को ढूँढ़ते-ढूँढ़ते वहाँ आ पहुँचे। उस समय भागवत का पठन हो रहा था। श्री पाखाडे भी माधवराव के समीप बैठ गए और उनसे धीरे-धीरे कुछ वार्ता करने लगे। वे अपना स्वप्न माधवराव को सुना रहे थे। उनकी कानाफूसी के कारण पाठ में विघ्न उपस्थित होने लगा। अतः काकासाहेब ने पाठ स्थगित कर माधवराव से पूछा कि क्या बात हो रही है। माधवराव ने कहा कि कल तुमने जो संदेह प्रकट किया था, यह चर्चा भी उसी का समाधान है। कल बाबा ने श्री पाखाडे को जो स्वप्न दिया है, उसे इनसे ही सुनो। सभी के कहने पर श्री पाखाडे अपना स्वप्न सुनाने लगे- "मैंने देखा कि मैं एक अथाह सागर में खड़ा हुआ हूँ। पानी मेरी कमर तक है और अचानक ही जब मैंने ऊपर देखा तो साईबाबा के श्री-दर्शन हुए। वे एक रत्नजटित सिंहासन पर विराजमान थे और उनके श्रीचरण जल के भीतर थे। यह सुन्दर दृश्य और बाबा का मनोहर स्वरूप देखकर मेरा चित्त बड़ा प्रसन्न हुआ। मैंने देखा कि माधवराव भी बाबा के समीप ही खड़े हैं और उन्होंने मुझसे भावुकतापूर्ण शब्दों में कहा-'आनंदराव! बाबा के श्रीचरणों पर गिरो।' मैंने उत्तर दिया-'मैं भी तो यही करना चाहता हूँ, परन्तु उनके श्रीचरण तो जल के भीतर हैं। अब बताओ कि मैं कैसे अपना शीश उनके चरणों पर रखूँ? मैं तो निस्सहाय हूँ।' इन शब्दों को सुनकर शामा ने बाबा से कहा-'अरे देवा! जल में से कृपाकर अपने चरण बाहर निकालिए न।' बाबा ने तुरन्त चरण बाहर निकाले और मैं उनसे तुरन्त लिपट गया। बाबा ने मुझे यह कहते हुए आशीर्वाद दिया-'अब तुम आनंदपूर्वक जाओ। घबराने या चिंता करने की कोई आवश्यकता नहीं। अब तुम्हारा कल्याण होगा।' उन्होंने मुझसे यह भी कहा कि एक जरी के किनारों की धोती मेरे शामा को दे देना, उससे तुम्हें बहुत लाभ होगा।" बाबा की आज्ञा को पूर्ण करने के लिए श्री पाखाडे धोती लाए और काकासाहेब से प्रार्थना की कि कृपा करके इसे माधवराव को दे दीजिए। परन्तु माधवराव ने उसे लेना स्वीकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि जब तक बाबा से मुझे कोई आदेश या अनुमति प्राप्त नहीं होती, तब तक मैं ऐसा करने में असमर्थ हूँ। कुछ तर्क-वितर्क के पश्चात् काका ने दैवी आदेशसूचक पर्चियों द्वारा इस बात का निर्णय करने का विचार किया। काकासाहेब का यह नियम था कि जब उन्हें कोई संदेह हो जाता तो वे कागज की दो पर्चियों पर स्वीकार-अस्वीकार लिखकर उनमें से एक पर्ची निकालते थे और जो उत्तर प्राप्त होता था, उसके अनुसार कार्य किया करते थे। इसका भी निपटारा करने के लिए उन्होंने उसी विधि के अनुसार दो पर्चियाँ लिखकर बाबा के चित्र के समक्ष रखीं और एक अबोध बालक को उनमें से एक पर्ची उठाने को कहा। बालक द्वारा उठाई गई पर्ची स्वीकारसूचक निकली और तब माधवराव को धोती स्वीकार करनी पड़ी। इस प्रकार आनंदराव और माधवराव संतुष्ट हो गए और काकासाहेब का भी संदेह दूर हो गया। इससे हमें यह शिक्षा मिलती है कि हमें अन्य संतों के वचनों का उचित आदर करना चाहिए, परन्तु साथ ही यह भी परम आवश्यक है कि हमें अपनी माँ अर्थात् गुरु पर पूर्ण विश्वास रखकर उनके आदेशों का अक्षरशः पालन करना चाहिए, क्योंकि अन्य लोगों की अपेक्षा हमारे कल्याण की उन्हें अधिक चिंता है। बाबा के निम्नलिखित वचनों को हृदय-पटल पर अंकित कर लो- "इस विश्व में असंख्य संत हैं, परन्तु अपना पिता (गुरु) ही सच्चा पिता (सच्चा गुरु) है। दूसरे चाहे कितने ही मधुर वचन क्यों न कहते हों, परन्तु अपना गुरु-उपदेश कभी नहीं भूलना चाहिए। संक्षेप में सार यही है कि शुद्ध हृदय से अपने गुरु से प्रेम कर, उनकी शरण जाओ और उन्हें श्रद्धापूर्वक साष्टांग नमस्कार करो। तभी तुम देखोगे कि तुम्हारे सम्मुख भवसागर का अस्तित्व वैसा ही है, जैसा सूर्य के समक्ष अँधेरे का।" बाबा की शयन-शैया - लकड़ी का तख्ता बाबा अपने जीवन के पूर्वार्द्ध में एक लकड़ी के तख्ते पर शयन किया करते थे। वह तख्ता चार हाथ लम्बा और एक बीता चौड़ा था, जिसके चारों कोनों पर चार मिट्टी के जलते दीपक रखे जाते थे। पश्चात् बाबा ने उसके टुकड़े-टुकड़े कर डाले थे, जिसका वर्णन पूर्व में हो चुका है। एक समय बाबा उस पटिए की महत्ता का वर्णन काकासाहेब को सुना रहे थे। यह सुनकर काकासाहेब ने बाबा से कहा कि यदि अभी भी आपको उससे विशेष स्नेह है तो मैं मस्जिद में एक दूसरी पटिया लटका देता हूँ। आप सुखपूर्वक उस पर शयन किया करें। तब बाबा कहने लगे- "अब म्हालसापति को नीचे छोड़कर मैं ऊपर नहीं सोना चाहता।" काकासाहेब ने कहा- "यदि आज्ञा दें तो मैं एक और तख्ता म्हालसापति के लिए भी टाँग दूँ।" बाबा बोले- "वे इस पर कैसे सो सकते हैं? क्या यह कोई सहज कार्य है? जो उसके गुण से सम्पन्न हो, वही ऐसा कार्य कर सकता है। जो खुले नेत्र रखकर निद्रा ले सके, वही इसके योग्य है। जब मैं शयन करता हूँ तो बहुधा म्हालसापति को अपने बाजू में बिठाकर उनसे कहता हूँ कि मेरे हृदय पर अपना हाथ रखकर देखते रहो कि कहीं मेरा भगवज्जप बन्द न हो जाए और मुझे यदि थोड़ा-सा भी निद्रित देखो तो तुरन्त जागृत कर दो। परन्तु उससे तो यह भी नहीं हो सकता। वह तो स्वयं ही झपकी लेने लगता है और निद्रामग्न होकर अपना सिर डुलाने लगता है। जब मुझे भगत का हाथ पत्थर-सा भारी प्रतीत होने लगता है तो मैं जोर से पुकार उठता हूँ-'ओ भगत!' तब कहीं वह घबड़ा कर नेत्र खोलता है। जो पृथ्वी पर ही अच्छी तरह बैठ और सो नहीं सकता तथा जिसका आसन सिद्ध नहीं है और जो निद्रा का दास है, वह क्या तख्ते पर सो सकेगा?" अन्य अनेक अवसरों पर वे भक्तों के स्नेहवश ऐसा कहा करते थे- "अपना अपने साथ और उसका उसके साथ।" ।। श्री सद्गुरु साईनाथार्पणमस्तु । शुभं भवतु ।।