।। अथ श्रीसाईसच्चरित ।।
अध्याय ४
श्री साई बाबा का शिरडी में प्रथम आगमन, संतों का अवतार-कार्य, पवित्र तीर्थ शिरडी, श्री साई बाबा का व्यक्तित्व, गौली महाराज का अनुभव, श्री विठ्ठल का प्रकट होना, क्षीरसागर की कथा, दासगणू का प्रयाग-स्नान
संतों का अवतार-कार्य
भगवद्गीता (चौथा अध्याय ७-८) में भगवान श्रीकृष्ण कहते हैं कि-
"जब-जब धर्म की हानि और अधर्म की वृद्धि होती है, तब-तब मैं अवतार धारण करता हूँ। धर्म-स्थापन, दुष्टों का विनाश तथा साधुजनों के परित्राण के लिए मैं युग-युग में जन्म लेता हूँ।"
संत और साधु भगवान के प्रतिनिधि स्वरूप हैं। वे उपयुक्त समय पर प्रकट होकर अपनी कार्यप्रणाली द्वारा अपना अवतार-कार्य पूर्ण करते हैं।
अर्थात् जब ब्राह्मण, क्षत्रिय और वैश्य अपने कर्तव्यों से विमुख हो जाते हैं; जब धार्मिक उपदेशों की उपेक्षा होने लगती है; जब शूद्र उच्च जातियों के अधिकार छीनने लगते हैं; जब धर्म के आचार्यों का अनादर तथा निंदा होने लगती है; जब लोग निषिद्ध भोज्य पदार्थों और मदिरा आदि का सेवन करने लगते हैं; जब धर्म की आड़ में निंदित कार्य होने लगते हैं; जब भिन्न-भिन्न धर्मावलम्बी परस्पर लड़ने लगते हैं; जब प्रत्येक व्यक्ति सोचने लगता है कि मुझसे श्रेष्ठ विद्वान दूसरा नहीं है; जब ब्राह्मण संध्यादि कर्म छोड़ देते हैं; कर्मठ पुरुषों को धार्मिक कृत्यों में अरुचि उत्पन्न हो जाती है; जब योगी ध्यानादि कर्म छोड़ देते हैं; और जब जनसाधारण की ऐसी धारणा हो जाती है कि केवल धन, संतान और स्त्री ही सर्वस्व है तथा इस प्रकार जब लोग सत्य-मार्ग से विचलित होकर अधःपतन की ओर अग्रसर होने लगते हैं, तब संत प्रकट होकर अपने उपदेशों एवं आचरण के द्वारा धर्म की संस्थापना करते हैं।
वे समुद्र के ज्योतिस्तम्भ की तरह हमारा उचित मार्गदर्शन करते तथा सत्य-पथ पर चलने को प्रेरित करते हैं।
इसी मार्ग पर अनेकों संत-निवृत्तिनाथ, ज्ञानदेव, मुक्ताबाई, नामदेव, गोरा, गोणाई, एकनाथ, तुकाराम, नरहरि, नरसी भाई, सजन कसाई, सावंता माली और रामदास तथा कई अन्य संत-सत्य-मार्ग का दिग्दर्शन कराने के हेतु भिन्न-भिन्न अवसरों पर प्रकट हुए और इन सबके पश्चात् शिरडी में श्री साई बाबा का अवतार हुआ।
पवित्र तीर्थ शिरडी
अहमदनगर जिले में गोदावरी नदी के तट बड़े ही भाग्यशाली हैं, जिन पर अनेक संतों ने जन्म धारण किया और अनेकों ने वहाँ आश्रय पाया। ऐसे संतों में श्री ज्ञानेश्वर महाराज प्रमुख थे।
शिरडी, अहमदनगर जिले के राहाता तालुका में है। गोदावरी नदी पार करने के पश्चात् मार्ग सीधा शिरडी को जाता है। आठ मील चलने पर जब आप नीमगाँव पहुँचेंगे तो वहाँ से शिरडी दृष्टिगोचर होने लगती है।
कृष्णा नदी के तट पर अन्य तीर्थस्थान गाणगापुर, नरसिंहवाड़ी और औदुम्बर के समान ही शिरडी भी प्रसिद्ध तीर्थ है।
जिस प्रकार दामाजी ने मंगलवेढ़ा को, समर्थ रामदास ने सज्जनगढ़ को, दत्तावतार श्रीनरसिंह सरस्वती ने वाड़ी को पवित्र किया, उसी प्रकार श्री साईनाथ ने शिरडी में अवतीर्ण होकर उसे पावन बनाया।
श्री साई बाबा का व्यक्तित्व
श्री साई बाबा के सान्निध्य से शिरडी का महत्त्व विशेष बढ़ गया। अब हम उनके चरित्र का अवलोकन करेंगे।
उन्होंने इस भवसागर पर विजय प्राप्त कर ली थी, जिसे पार करना महान् दुष्कर तथा कठिन है। शांति उनका आभूषण था तथा वे ज्ञान की साक्षात् प्रतिमा थे।
वैष्णव भक्त सदैव वहाँ आश्रय पाते थे। दानवीरों में वे राजा कर्ण के समान दानी थे। वे समस्त सारों के साररूप थे। ऐहिक पदार्थों से उन्हें अरुचि थी। सदा आत्मस्वरूप में निमग्न रहना ही उनके जीवन का मुख्य ध्येय था।
अनित्य वस्तुओं का आकर्षण उन्हें छू भी नहीं गया था। उनका हृदय शीशे के सदृश उज्ज्वल था। उनके श्रीमुख से सदैव अमृत-वर्षा होती थी।
अमीर और गरीब उनके लिए दोनों एक समान थे। मान-अपमान की उन्हें किंचित् मात्र भी चिंता न थी। वे निर्भय होकर सम्भाषण करते, भाँति-भाँति के लोगों से मिलजुलकर रहते, नर्तकियों का अभिनय तथा नृत्य देखते और गजल-कव्वालियाँ भी सुनते थे। इतना सब करते हुए भी उनकी समाधि किंचित् मात्र भी भंग न होती थी।
अल्लाह का नाम सदा उनके ओठों पर था। जब दुनिया जागती तो वे सोते और जब दुनिया सोती तो वे जागते थे। उनका अन्तःकरण प्रशान्त महासागर की तरह शांत था।
न उनके आश्रम का कोई निश्चय कर सकता था और न उनकी कार्यप्रणाली का अन्त पा सकता था। कहने के लिए तो वे एक स्थान पर निवास करते थे, परन्तु विश्व के समस्त व्यवहारों व व्यापारों का उन्हें भली-भाँति ज्ञान था।
उनके दरबार का रंग ही निराला था। वे प्रतिदिन अनेक किंवदंतियाँ कहते थे, परन्तु उनकी अखंड शांति किंचित् मात्र भी विचलित न होती थी।
वे सदा मस्जिद की दीवार के सहारे बैठे रहते थे तथा प्रातः, मध्याह्न और सायंकाल लेंडी और चावड़ी की ओर वायु-सेवन करने जाते तो भी सदा आत्मस्थित ही रहते थे।
स्वतः सिद्ध होकर भी वे साधकों के समान आचरण करते थे। वे विनम्र, दयालु तथा अभिमानरहित थे। उन्होंने सबको सदा सुख पहुँचाया।
ऐसे थे श्री साई बाबा, जिनके श्री-चरणों का स्पर्श कर शिरडी पावन बन गई। उसका महत्त्व असाधारण हो गया।
जिस प्रकार ज्ञानेश्वर ने आलंदी और एकनाथ ने पैठण का उत्थान किया, वही गति श्री साई बाबा द्वारा शिरडी को प्राप्त हुई।
शिरडी के फूल, पत्ते, कंकड़ और पत्थर भी धन्य हैं, जिन्हें श्री साई चरणाम्बुजों का चुम्बन तथा उनकी चरण-रज मस्तक पर धारण करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
भक्तगण को शिरडी एक दूसरा पंढरपुर, जगन्नाथपुरी, द्वारका, बनारस (काशी), महाकालेश्वर तथा गोकर्ण महाबलेश्वर बन गई।
श्री साई का दर्शन करना ही भक्तों का वेदमंत्र था, जिसके परिणामस्वरूप आसक्ति घटती और आत्मदर्शन का पथ सुगम होता था।
उनका श्रीदर्शन ही योग-साधन था और उनसे वार्तालाप करने से समस्त पाप नष्ट हो जाते थे। उनका पादसेवन करना ही त्रिवेणी (प्रयाग) स्नान के समान था तथा चरणामृत पान करने मात्र से ही समस्त इच्छाओं की तृप्ति होती थी।
उनकी आज्ञा हमारे लिए वेद सदृश थी। प्रसाद तथा उदी ग्रहण करने से चित्त की शुद्धि होती थी। वे ही हमारे राम और कृष्ण थे, जिन्होंने हमें मुक्ति प्रदान की; वे ही हमारे परब्रह्म थे।
वे छन्दों से परे रहते तथा कभी निराश व हताश नहीं होते थे। वे सदा आत्मस्थित, चैतन्यघन तथा आनन्द की मंगलमूर्ति थे।
कहने को तो शिरडी उनका मुख्य केन्द्र था, परन्तु उनका कार्यक्षेत्र पंजाब, कलकत्ता, उत्तरी भारत, गुजरात, ढाका और कोकण तक विस्तृत था।
श्री साई बाबा की कीर्ति दिन-प्रतिदिन चारों ओर फैलने लगी और जगह-जगह से उनके दर्शनार्थ आकर भक्त लाभ उठाने लगे। केवल दर्शन से ही मनुष्यों, चाहे वे शुद्ध अथवा अशुद्ध हृदय के हों, के चित्त को परम शांति मिल जाती थी।
सुखिया सब संसार है, खाये अरु सोये।
दुखिया दास कबीर है, जागे अरु रोये।।
- कबीर
उन्हें उसी आनन्द का अनुभव होता था, जैसा कि पंढरपुर में श्री विठ्ठल के दर्शन से होता है। यह कोई अतिशयोक्ति नहीं है। देखिए, एक भक्त ने यही अनुभव पाया है।
गौली बुवा
लगभग ९५ वर्ष के वयोवृद्ध भक्त, जिनका नाम गौली बुवा था, पंढरी के एक वारकरी थे। वे ८ मास पंढरपुर तथा ४ मास (आषाढ़ से कार्तिक तक) गंगातट पर निवास करते थे।
सामान ढोने के लिए वे एक गधे को अपने पास रखते और एक शिष्य भी सदैव उनके साथ रहता था। वे प्रतिवर्ष वारी लेकर पंढरपुर जाते और लौटते समय श्री बाबा के दर्शनार्थ शिरडी आते थे।
बाबा पर उनका अगाध प्रेम था। वे बाबा की ओर एकटक निहारते और कह उठते थे कि ये तो श्री पंढरीनाथ, श्री विठ्ठल के अवतार हैं, जो अनाथ-नाथ, दीन-दयालु और दीनों के नाथ हैं।
गौली महाराज श्री विठोबा के परम भक्त थे। उन्होंने अनेक बार पंढरी की यात्रा की तथा प्रत्यक्ष अनुभव किया कि श्री साई बाबा सचमुच ही पंढरीनाथ हैं।
विठ्ठल स्वयं प्रकट हुए
श्री साई बाबा की ईश्वर-चिंतन और भजन में विशेष अभिरुचि थी। वे सदैव "अल्लाह मालिक" पुकारते तथा भक्तों से कीर्तन-सप्ताह करवाते थे। इसे "नामसप्ताह" भी कहते हैं।
एक बार उन्होंने दासगणू को कीर्तन-सप्ताह करने की आज्ञा दी। दासगणू ने बाबा से कहा कि आपकी आज्ञा मुझे शिरोधार्य है; परन्तु इस बात का आश्वासन मिलना चाहिए कि सप्ताह के अंत में विठ्ठल अवश्य प्रकट होंगे।
बाबा ने अपना हृदय स्पर्श करते हुए कहा कि विठ्ठल अवश्य प्रकट होंगे। परन्तु साथ ही भक्तों में श्रद्धा व तीव्र उत्सुकता का होना भी अनिवार्य है।
"ठाकुरनाथ की डंकपुरी, विठ्ठल की पंढरी, रणछोड़ की द्वारका यहीं तो है। किसी को दूर जाने की आवश्यकता नहीं है। क्या विठ्ठल कहीं बाहर से आयेंगे? वे तो यहीं विराजमान हैं। जब भक्तों में प्रेम और भक्ति का स्रोत प्रवाहित होगा तो विठ्ठल स्वयं ही यहाँ प्रकट हो जायेंगे।"
सप्ताह समाप्त होने के बाद विठ्ठल भगवान इस प्रकार प्रकट हुए।
काकासाहेब दीक्षित सदैव की भाँति स्नान करने के पश्चात् जब ध्यान करने को बैठे तो उन्हें विठ्ठल के दर्शन हुए।
दोपहर के समय जब वे बाबा के दर्शनार्थ मस्जिद पहुँचे तो बाबा ने उनसे पूछा-
"क्यों, विठ्ठल पाटील आए थे न? क्या तुम्हें उनके दर्शन हुए? वे बहुत चंचल हैं। उनको दृढ़ता से पकड़ लो। यदि थोड़ी भी असावधानी की तो वे बचकर निकल जायेंगे।"
यह प्रातःकाल की घटना थी और दोपहर के समय उन्हें पुनः दर्शन हुए।
उसी दिन एक चित्र बेचने वाला विठोबा के २५-३० चित्र लेकर वहाँ बेचने को आया। यह चित्र ठीक वैसा ही था, जैसा कि काकासाहेब दीक्षित को ध्यान में दर्शन हुए थे।
चित्र देखकर और बाबा के शब्दों का स्मरण कर काकासाहेब को बड़ा विस्मय और प्रसन्नता हुई। उन्होंने एक चित्र सहर्ष खरीद लिया और उसे अपने देवघर में प्रतिष्ठित कर दिया।
शिरडी को द्वारका कहने का कारण
ठाणा के अवकाशप्राप्त मामलतदार श्री बी. वी. देव ने अपने अनुसंधान के द्वारा यह प्रमाणित कर दिया है कि शिरडी पंढरपुर की परिधि में आती है। दक्षिण में पंढरपुर श्रीकृष्ण का प्रसिद्ध स्थान है, अतः शिरडी की द्वारका है।
द्वारका की एक और व्याख्या सुनने में आई है, जो कै. नारायण अय्यर द्वारा लिखित "भारतवर्ष का स्थायी इतिहास" में स्कन्दपुराण से उद्धृत की गई है-
"चतुर्वर्णामपि वर्गाणां यत्र द्वाराणि सर्वतः।
अतो द्वारावतीत्युक्ता विद्वद्भिस्तत्त्ववादिभिः।।"
जो स्थान चारों वर्णों के लोगों को धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष के लिए सुलभ हो, दार्शनिक लोग उसे द्वारका के नाम से पुकारते हैं।
शिरडी में बाबा की मस्जिद केवल चारों वर्णों के लिए ही नहीं, अपितु दलित, अस्पृश्य और भागोजी सिंदिया जैसे कोढ़ी आदि सबके लिए खुली थी। अतः शिरडी को 'द्वारका' कहना ही सर्वथा उचित है।
भगवंतराव क्षीरसागर की कथा
श्री विठ्ठल-पूजन में बाबा को कितनी रुचि थी, यह भगवंतराव क्षीरसागर की कथा से स्पष्ट है।
भगवंतराव के पिता विठोबा के परम भक्त थे, जो प्रतिवर्ष पंढरपुर को वारी लेकर जाते थे। उनके घर में एक विठोबा की मूर्ति थी, जिसकी वे नित्यप्रति पूजा करते थे।
उनकी मृत्यु के पश्चात् उनके पुत्र भगवंतराव ने वारी, पूजन, श्राद्ध इत्यादि समस्त कर्म करना छोड़ दिया।
जब भगवंतराव शिरडी आए तो बाबा उन्हें देखते ही कहने लगे-
"इनके पिता मेरे परम मित्र थे। इसी कारण मैंने इन्हें यहाँ बुलाया है। इन्होंने कभी नैवेद्य अर्पण नहीं किया तथा मुझे और विठोबा को भूखों मारा है। इसलिए मैंने इन्हें यहाँ आने को प्रेरित किया है। अब मैं इन्हें हठपूर्वक पूजा में लगा दूँगा।"
दासगणू का प्रयाग-स्नान
गंगा और यमुना नदी के संगम पर प्रयाग एक प्रसिद्ध पवित्र तीर्थस्थान है। हिन्दुओं की ऐसी भावना है कि वहाँ स्नानादि करने से समस्त पाप नष्ट हो जाते हैं। इसी कारण प्रत्येक पर्व पर सहस्रों भक्तगण वहाँ जाते हैं और स्नान का लाभ उठाते हैं।
एक बार दासगणू ने भी वहाँ जाकर स्नान करने का निश्चय किया। इस विचार से वे बाबा से आज्ञा लेने उनके पास गए।
बाबा ने कहा-
"इतनी दूर व्यर्थ भटकने की क्या आवश्यकता है? अपना प्रयाग तो यहीं है। मुझ पर विश्वास करो।"
आश्चर्य! महान् आश्चर्य!
जैसे ही दासगणू बाबा के चरणों पर नत हुए तो बाबा के श्रीचरणों से गंगा-यमुना की धारा वेग से प्रवाहित होने लगी।
यह चमत्कार देखकर दासगणू का प्रेम और भक्ति उमड़ पड़ी। आँखों से अश्रुओं की धारा बहने लगी। उन्हें कुछ अन्तःस्फूर्ति हुई और उनके मुख से श्री साई बाबा की स्त्रोतस्विनी स्वतः प्रवाहित होने लगी।
।। श्री सद्गुरु साईनाथार्पणमस्तु। शुभं भवतु।।