अध्याय ३७

अध्याय ३७

।। अथ श्रीसाईसच्चरित ।। अध्याय ३७ चावड़ी का समारोह इस अध्याय में हम कुछ थोड़े से वेदान्तिक विषयों पर प्रारंभिक दृष्टि से समालोचना कर चावड़ी के भव्य समारोह का वर्णन करेंगे। प्रारंभ धन्य है श्री साई, जिनका जैसा जीवन था, वैसी ही अवर्णनीय गति और क्रियाओं से पूर्ण नित्य के कार्यक्रम भी। कभी तो वे समस्त सांसारिक कार्यों से अलिप्त रहकर कर्मकांडी से प्रतीत होते और कभी ब्रह्मानंद और कभी आत्मज्ञान में निमग्न रहा करते थे। कभी वे अनेक कार्य करते हुए भी उनसे असंबंध रहते थे। यद्यपि कभी-कभी वे पूर्ण निष्क्रिय प्रतीत होते, तथापि वे आलसी नहीं थे। प्रशांत महासागर की नाईं सदैव जागरूक रहकर भी वे गंभीर, प्रशांत और स्थिर दिखाई देते थे। उनकी प्रकृति का वर्णन तो सामर्थ्य से परे है। यह तो सर्वविदित है कि वे बालब्रह्मचारी थे। वे सदैव पुरुषों को भ्राता तथा स्त्रियों को माता या बहिन सदृश ही समझा करते थे। उनकी संगति द्वारा हमें जिस अनुपम ज्ञान की उपलब्धि हुई है, उसकी विस्मृति मृत्युपर्यंत न होने पाए, ऐसी उनके श्रीचरणों में हमारी विनम्र प्रार्थना है। हम समस्त भूतों में ईश्वर का ही दर्शन करें और नामस्मरण की रसानुभूति करते हुए हम उनके मोहविनाशक चरणों की अनन्य भाव से सेवा करते रहें, यही हमारी आकांक्षा है। हेमाडपंत ने अपने दृष्टिकोण द्वारा आवश्यकतानुसार वेदान्त का विवरण देकर चावड़ी के समारोह का वर्णन निम्न प्रकार किया है। चावड़ी का समारोह बाबा के शयनागार का वर्णन पहले ही हो चुका है। वे एक दिन मसजिद में और दूसरे दिन चावड़ी में विश्राम किया करते थे और यह कार्यक्रम उनकी महासमाधि पर्यंत चालू रहा। भक्तों ने चावड़ी में नियमित रूप से उनका पूजन-अर्चन 10 दिसंबर, सन् 1909 से आरंभ कर दिया था। अब उनके चरणाम्बुजों का ध्यान कर हम चावड़ी के समारोह का वर्णन करेंगे। इतना मनमोहक दृश्य था वह कि देखने वाले ठिठक-ठिठक कर रह जाते थे और अपनी सुध-बुध भूल यही आकांक्षा करते रहते थे कि यह दृश्य कभी हमारी आँखों से ओझल न हो। जब चावड़ी में विश्राम करने की उनकी नियमित रात्रि आती तो उस रात्रि को भक्तों का अपार जनसमुदाय मसजिद के सभा-मंडप में एकत्रित होकर घंटों तक भजन किया करता था। उस मंडप के एक ओर सुसज्जित रथ रखा रहता था और दूसरी ओर तुलसी-वृंदावन था। सारे रसिक जन सभा-मंडप में ताल, चिपलिस, करताल, मृदंग, खंजरी और ढोल आदि नाना प्रकार के वाद्य लेकर भजन करना आरंभ कर देते थे। इन सभी भजनानंदी भक्तों को चुंबक की नाई आकर्षित करने वाले तो श्री साईबाबा ही थे। मसजिद के आँगन को देखो तो भक्तगण बड़ी उमंगों से नाना प्रकार के मंगल-कार्य संपन्न करने में संलग्न थे। कोई तोरण बाँधकर दीपक जला रहे थे, तो कोई पालकी और रथ का श्रृंगार कर निशान आदि हाथों में लिए हुए थे। कहीं-कहीं श्री साईबाबा की जयजयकार से आकाशमंडल गुँजित हो रहा था। दीपों के प्रकाश से जगमगाती मसजिद ऐसी प्रतीत हो रही थी, मानो आज मंगलदायिनी दीपावली स्वयं शिरडी में आकर विराजित हो गई हो। मसजिद के बाहर दृष्टिपात किया तो द्वार पर श्री साईबाबा का पूर्ण सुसज्जित घोड़ा श्यामसुंदर खड़ा था। श्री साईबाबा अपनी गादी पर शांत मुद्रा में विराजित थे कि इसी बीच भक्त-मंडली सहित तात्या पाटील ने आकर उन्हें तैयार होने की सूचना देते हुए उठने में सहायता की। घनिष्ठ संबंध होने के कारण तात्या पाटील उन्हें मामा कहकर संबोधित किया करते थे। बाबा सदैव की भाँति अपनी वही कफनी पहनकर, बगल में सटका दबाकर, चिलम और तंबाकू संग लेकर तथा धूनी पर एक कपड़ा डालकर चलने को तैयार हो गए। तभी तात्या पाटील ने उनके शीश पर एक सुनहरा जरी का शेला डाल दिया। इसके पश्चात् स्वयं बाबा ने धूनी को प्रज्वलित रखने के लिए उसमें कुछ लकड़ियाँ डालकर तथा धूनी के समीप के दीपक को बाएँ हाथ से बुझाकर चावड़ी को प्रस्थान कर दिया। अब नाना प्रकार के वाद्य बजने आरंभ हो गए और उनसे भाँति-भाँति के स्वर निकलने लगे। सामने रंग-बिरंगी आतिशबाजी चलने लगी और नर-नारी भाँति-भाँति के वाद्य बजाकर उनकी कीर्ति के भजन गाते हुए आगे-आगे चलने लगे। कोई आनंद-विभोर हो नृत्य करने लगा तो कोई अनेक प्रकार के ध्वज और निशान लेकर चलने लगे। जैसे ही बाबा ने मसजिद की सीढ़ी पर अपने चरण रखे, वैसे ही भालदार ने ललकार कर उनके प्रस्थान की सूचना दी। दोनों ओर से लोग चँवर लेकर खड़े हो गए और उन पर पंखा झलने लगे। फिर पथ पर दूर तक बिछे हुए कपड़ों के ऊपर से समारोह आगे बढ़ने लगा। तात्या पाटील उनका बायाँ तथा म्हालसापति दायाँ हाथ पकड़कर तथा बापूसाहेब जोग उनके पीछे छत्र लेकर चलने लगे। इनके आगे-आगे पूर्ण सुसज्जित अश्व श्यामसुंदर चल रहा था और उनके पीछे भजन-मंडली तथा भक्तों का समूह वाद्यों की ध्वनि के संग हरि और साई नाम की ध्वनि, जिससे आकाश गूँज उठता था, उच्चारित करते हुए चल रहा था। अब समारोह चावड़ी के कोने पर पहुँचा और सारा जनसमुदाय अत्यंत आनंदित तथा प्रफुल्लित दिखाई पड़ने लगा। जब कोने पर पहुँचकर बाबा चावड़ी के सामने खड़े हो गए, उस समय उनके मुख-मंडल की दिव्यप्रभा बड़ी अनोखी प्रतीत होने लगी और ऐसा प्रतीत होने लगा, मानो अरुणोदय के समय बाल रवि क्षितिज पर उदित हो रहा हो। उत्तराभिमुख होकर वे एक ऐसी मुद्रा में खड़े हो गए, जैसे कोई किसी के आगमन की प्रतीक्षा कर रहा हो। वाद्य पूर्ववत ही बजते रहे और वे अपना दाहिना हाथ थोड़ी देर ऊपर-नीचे उठाते रहे। वादक बड़े जोर से वाद्य बजाने लगे और इसी समय काकासाहेब दीक्षित गुलाल और फूल चाँदी की थाली में लेकर सामने आए और बाबा के ऊपर पुष्प तथा गुलाल की वर्षा करने लगे। बाबा के मुखमंडल पर रक्तिम आभा जगमगाने लगी और सब लोग तृप्त-हृदय होकर उस रस-माधुरी का आस्वादन करने लगे। इस मनमोहक दृश्य और अवसर का वर्णन शब्दों में करने में लेखनी असमर्थ है। भाव-विभोर होकर भक्त म्हालसापति तो मधुर नृत्य करने लगे, परंतु बाबा की अभंग एकाग्रता देखकर सब भक्तों को महान् आश्चर्य होने लगा। एक हाथ में लालटेन लिए तात्या पाटील बाबा की बाईं ओर और आभूषण लिए म्हालसापति दाहिनी ओर चले। देखो तो, कैसे सुंदर समारोह की शोभा तथा भक्ति का दर्शन हो रहा है। इस दृश्य की झाँकी पाने के लिए ही सहस्रों नर-नारी, क्या अमीर और क्या फकीर, सभी वहाँ एकत्रित थे। अब बाबा मंद-मंद गति से आगे बढ़ने लगे और उनके दोनों ओर भक्तगण भक्तिभाव सहित संग-संग चलने लगे और चारों ओर प्रसन्नता का वातावरण दिखाई पड़ने लगा। संपूर्ण वायुमंडल भी खुशी से झूम उठा और इस प्रकार समारोह चावड़ी पहुँचा। अब वैसा दृश्य भविष्य में कोई न देख सकेगा। अब तो केवल उसकी याद करके आँखों के सम्मुख उस मनोरम अतीत की कल्पना से ही अपने हृदय की प्यास शांत करनी पड़ेगी। चावड़ी की सजावट चावड़ी की सजावट भी अति उत्तम प्रकार से की गई थी। उत्तम बढ़िया चाँदनी, शीशे और भाँति-भाँति के हाँड़ी-लालटेन अर्थात् गैस-बत्तियाँ लगी हुई थीं। चावड़ी पहुँचने पर तात्या पाटील आगे बढ़े और आसन बिछाकर तकिये के सहारे उन्होंने बाबा को बैठाया। फिर उनको एक बढ़िया अंगरखा पहनाया और भक्तों ने नाना प्रकार से उनकी पूजा की। उन्हें स्वर्ण-मुकुट धारण कराया तथा फूलों और जवाहरों की मालाएँ उनके गले में पहनाई गईं। फिर ललाट पर कस्तूरी का वैष्णवी तिलक तथा मध्य में बिंदी लगाकर दीर्घ काल तक उनकी ओर अपलक निहारते रहे। उनके सिर का कपड़ा बदल दिया गया और उसे ऊपर ही उठाए रहे, क्योंकि सभी शंकित थे कि कहीं वे उसे फेंक न दें। परंतु बाबा तो अंतर्यामी थे और उन्होंने भक्तों को उनकी इच्छानुसार ही पूजन करने दिया। इन आभूषणों से सुसज्जित होने के उपरांत तो उनकी शोभा अवर्णनीय थी। नानासाहेब निमोणकर ने वृत्ताकार एक सुंदर छत्र लगाया, जिसके केंद्र में एक छड़ी लगी हुई थी। बापूसाहेब जोग ने चाँदी की एक सुंदर थाली में पाद-प्रक्षालन किया और अर्घ्य देने के पश्चात् उत्तम विधि से उनका पूजन-अर्चन किया। उनके हाथों में चंदन लगाया और पान का बीड़ा दिया। उन्हें आसन पर बिठलाया गया। फिर तात्या पाटील तथा अन्य सब भक्तगण उनके श्रीचरणों पर अपने-अपने शीश झुकाकर प्रणाम करने लगे। जब वे तकिये के सहारे बैठ गए, तब भक्तगण दोनों ओर से चँवर और पंखे झलने लगे। शामा ने चिलम तैयार कर तात्या पाटील को दी। उन्होंने एक फूँक लगाकर चिलम प्रज्वलित की और उसे बाबा को पीने को दिया। उनके चिलम पी लेने के पश्चात् फिर वह भक्त म्हालसापति को तथा बाद में सब भक्तों को दी गई। धन्य है वह निर्जीव चिलम। कितना महान् तप है उसका, जिसने कुम्हार द्वारा पहले चक्र पर घूमने, धूप में सुखाने, फिर अग्नि में तपने जैसे अनेक संस्कार पाए। तब कहीं उसे बाबा के कर-स्पर्श तथा चुम्बन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। जब यह सब कार्य समाप्त हो गया, तब भक्तगण ने बाबा को फूल-मालाओं से लाद दिया और सुगंधित फूलों के गुलदस्ते उन्हें भेंट किए। बाबा तो वैराग्य की पूर्ण मूर्ति थे और वे उन हीरे-जवाहरात व फूलों के हारों तथा इस प्रकार की सज-धज में कब अभिरुचि लेने वाले थे! परंतु भक्तों के सच्चे प्रेमवश ही, उनके इच्छानुसार पूजन करने में उन्होंने कोई आपत्ति न की। अंत में मांगलिक स्वर में वाद्य बजने लगे और बापूसाहेब जोग ने बाबा की यथाविधि आरती की। आरती समाप्त होने पर भक्तों ने बाबा को प्रणाम किया और उनकी आज्ञा लेकर सब एक-एक करके अपने घर लौटने लगे। तब तात्या पाटील ने चिलम पिलाकर गुलाबजल, इत्र इत्यादि लगाया और विदा लेते समय एक गुलाब का पुष्प दिया। तभी बाबा प्रेमपूर्वक कहने लगे- "तात्या, मेरी देखभाल भली-भाँति करना। तुम्हें घर जाना है तो जाओ, परंतु रात्रि में कभी-कभी आकर मुझे देख भी जाना।" तब स्वीकारात्मक उत्तर देकर तात्या पाटील चावड़ी से अपने घर चले गए। फिर बाबा ने बहुत सी चादरें बिछाकर स्वयं अपना बिस्तर लगाया और विश्राम किया। अब हम भी विश्राम करें और इस अध्याय को समाप्त करते हुए हम पाठकों से प्रार्थना करते हैं कि वे प्रतिदिन शयन के पूर्व श्री साईबाबा और चावड़ी समारोह का ध्यान अवश्य कर लिया करें। ।। श्री सद्गुरु साईनाथार्पणमस्तु । शुभं भवतु ।।