अध्याय २६

अध्याय २६

।। अथ श्रीसाईसच्चरित ।। अध्याय २६ भक्त पन्त, हरिश्चन्द्र पितले और गोपाल आंबडेकर की कथाएँ इस सृष्टि में स्थूल, सूक्ष्म, चेतन और जड़ आदि जो कुछ दृष्टिगोचर हो रहा है, वह सब एक ब्रह्म है और इसी एक अद्वितीय वस्तु ब्रह्म को ही हम भिन्न-भिन्न नामों से संबोधित करते तथा भिन्न-भिन्न दृष्टियों से देखते हैं। जिस प्रकार अँधेरे में पड़ी हुई एक रस्सी या हार को हम भ्रमवश सर्प समझ लेते हैं, उसी प्रकार हम समस्त पदार्थों के केवल ब्रह्म स्वरूप को ही देखते हैं, न कि उनके सत्य स्वरूप को। एकमात्र सद्गुरु ही हमारी दृष्टि से माया का आवरण दूर कर हमें वस्तुओं के सत्य स्वरूप का यथार्थ में दर्शन करा देने में समर्थ हैं। इसलिए आओ, हम श्री सद्गुरु साई महाराज की उपासना कर उनसे सत्य का दर्शन कराने की प्रार्थना करें, जो कि ईश्वर के अतिरिक्त और कुछ भी नहीं है। आंतरिक पूजन श्री हेमाडपंत उपासना की एक सर्वथा नवीन पद्धति बताते हैं। वे कहते हैं कि सद्गुरु के पादप्रक्षालन के निमित्त आनंद-अश्रु के उष्ण जल का प्रयोग करो। उन्हें सत्यप्रेमरूपी चंदन का लेप कर, दृढ़विश्वासरूपी वस्त्र पहनाओ तथा अष्ट सात्त्विक भावों के स्थान पर कोमल और एकाग्र चित्तरूपी फल उन्हें अर्पित करो। भावरूपी बुक्का उनके श्री मस्तक पर लगा, भक्ति की कछनी बाँध, अपना मस्तक उनके चरणों पर रखो। इस प्रकार श्री साई को समस्त आभूषणों से विभूषित कर, उन्हें अपना सर्वस्व निछावर कर दो। उष्णता दूर करने के लिए भाव की सदा चँवर डुलाओ। इस प्रकार आनंददायक पूजन कर उनसे प्रार्थना करो- हे प्रभु साई! हमारी प्रवृत्ति अंतर्मुखी बना दो। सत्य और असत्य का विवेक दो तथा सांसारिक पदार्थों से आसक्ति दूर कर हमें आत्मानुभूति प्रदान करो। हम अपनी काया और प्राण आपके श्री चरणों में अर्पित करते हैं। हे प्रभु साई! मेरे नेत्रों को तुम अपने नेत्र बना लो, ताकि हमें सुख और दुःख का अनुभव ही न हो। हे साई! मेरे शरीर और मन को तुम अपनी इच्छानुकूल चलने दो तथा मेरे चंचल मन को अपने चरणों की शीतल छाया में विश्राम करने दो। भक्त पन्त एक समय एक भक्त, जिनका नाम पंत था और जो एक अन्य सद्गुरु के शिष्य थे, उन्हें शिरडी पधारने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उनकी शिरडी आने की इच्छा तो न थी, परन्तु "मेरे मन कुछ और है, विधिना के कुछ और" वाली कहावत चरितार्थ हुई। वे रेल द्वारा यात्रा कर रहे थे, जहाँ उनके बहुत से मित्र व संबंधियों से अचानक ही भेंट हो गई, जो कि शिरडी यात्रा को ही जा रहे थे। उन लोगों ने उनसे शिरडी तक साथ-साथ चलने का प्रस्ताव किया। पंत यह प्रस्ताव अस्वीकार न कर सके। तब वे सब लोग बंबई में उतरे और इसी बीच पंत विरार में उतरकर अपने सद्गुरु से शिरडी प्रस्थान करने की अनुमति लेकर तथा आवश्यक खर्च आदि का प्रबंध कर, सब लोगों के साथ रवाना हो गए। वे प्रातःकाल वहाँ पहुँच गए और लगभग 11 बजे मसजिद को गए। वहाँ पूजनार्थ भक्तों का एकत्रित समुदाय देख सबको अति प्रसन्नता हुई, परन्तु पंत को अचानक ही मूर्च्छा आ गई और वे बेसुध होकर वहीं गिर पड़े। तब सब लोग भयभीत होकर उन्हें स्वस्थ करने के समस्त उपचार करने लगे। बाबा की कृपा से और मस्तक पर जल के छींटे देने से वे स्वस्थ हो गए और ऐसे उठ बैठे, जैसे कोई नींद से जागा हो। त्रिकालज्ञ बाबा ने यह सब जानकर कि यह अन्य गुरु का शिष्य है, उन्हें अभयदान देकर उनके गुरु में ही उनके विश्वास को दृढ़ करते हुए कहा- "कैसे भी आओ, परन्तु भूलो नहीं। अपने ही स्तंभ को दृढ़तापूर्वक पकड़कर सदैव स्थिर हो, उनसे अभिन्नता प्राप्त करो।" पंत तुरंत इन शब्दों का आशय समझ गए और उन्हें उसी समय अपने सद्गुरु की स्मृति हो आई। उन्हें बाबा के इस अनुग्रह की जीवनभर स्मृति बनी रही। हरिश्चन्द्र पितले बंबई में एक श्री हरिश्चन्द्र पितले नामक सद्गृहस्थ थे। उनका पुत्र मिर्गी रोग से पीड़ित था। उन्होंने अनेक प्रकार की देशी व विदेशी चिकित्साएँ कराईं, परन्तु उनसे कोई लाभ न हुआ। अब केवल यही उपाय शेष रह गया था कि किसी संत के चरण-कमलों की शरण ली जाए। 15वें अध्याय में बतलाया जा चुका है कि श्री दासगणु के सुमधुर कीर्तन से साईबाबा की कीर्ति बंबई में अधिक फैल चुकी थी। पितले ने भी सन् 1910 में उनका कीर्तन सुना और उन्हें ज्ञात हुआ कि श्री साईबाबा के केवल कर-स्पर्श तथा दृष्टिमात्र से ही असाध्य रोग समूल नष्ट हो जाते हैं। तब उनके मन में भी श्री साईबाबा के प्रिय दर्शन की तीव्र इच्छा जागृत हुई। यात्रा का प्रबंध कर, भेंट देने को फलों की टोकरी लेकर स्त्री और बच्चों सहित वे शिरडी पधारे। मसजिद पहुँचकर उन्होंने चरण-वंदना की तथा अपने रोगी पुत्र को उनके श्री-चरणों में डाल दिया। बाबा की दृष्टि उस पर पड़ते ही उसमें एक विचित्र परिवर्तन हो गया। बच्चे ने आँखें फेर दीं और बेसुध होकर गिर पड़ा। उसके मुँह से झाग निकलने लगी तथा शरीर पसीने से भीग गया और ऐसी आशंका होने लगी कि अब उसके प्राण निकलने ही वाले हैं। यह देखकर उसके माता-पिता अत्यंत निराश होकर घबड़ाने लगे। बच्चे को बहुधा थोड़ी मूर्च्छा तो अवश्य आ जाया करती थी, परन्तु यह मूर्च्छा दीर्घकाल तक रही। माता की आँखों से आँसुओं की धारा बह रही थी और वह दुःखग्रसित होकर आर्त्तनाद करने लगी- "मैं ऐसी स्थिति में हूँ, जैसे कि एक व्यक्ति चोरों के डर से भागकर किसी घर में प्रविष्ट हो जाए और वह घर ही उसके ऊपर गिर पड़े; या एक भक्त मंदिर में पूजन के लिए जाए और वह मंदिर ही उसके ऊपर गिर पड़े; या एक गाय शेर के डर से भागकर किसी कसाई के हाथ लग जाए; या एक स्त्री सूर्य के ताप से व्यथित होकर वृक्ष की छाया में जाए और वह वृक्ष ही उसके ऊपर गिर पड़े।" तब बाबा ने सांत्वना देते हुए कहा- "इस प्रकार प्रलाप न कर, धैर्य धारण करो। बच्चे को अपने निवासस्थान पर ले जाओ। वह आधा घंटे के पश्चात् ही होश में आ जाएगा।" तब उन्होंने बाबा के आदेश का तुरंत पालन किया। बाबा के वचन सत्य निकले। जैसे ही उसे वाड़े में लाए, बच्चा स्वस्थ हो गया और पितले परिवार-पति, पत्नी व अन्य सभी लोगों को महान हर्ष हुआ तथा उनका संदेह दूर हो गया। श्री पितले अपनी धर्मपत्नी सहित बाबा के दर्शनों को आए और अति विनम्र होकर आदरपूर्वक चरण-वंदना कर पादसेवन करने लगे। मन ही मन वे बाबा को धन्यवाद दे रहे थे। तब बाबा ने मुस्कराकर कहा- "क्या तुम्हारे समस्त विचार और शंकाएँ मिट गईं? जिन्हें विश्वास और धैर्य है, उनकी रक्षा श्री हरि अवश्य करेंगे।" श्री पितले एक धनाढ्य व्यक्ति थे, इसलिए उन्होंने अधिक मात्रा में मिठाई बाँटी और उत्तम फल तथा पान-बीड़े बाबा को भेंट किए। श्रीमती पितले सात्त्विक वृत्ति की महिला थीं। वे एक स्थान पर बैठकर बाबा की ओर प्रेमपूर्ण दृष्टि से निहारा करती थीं। उनकी आँखों से प्रसन्नता के आँसू गिरते थे। उनका मृदु और सरल स्वभाव देखकर बाबा अति प्रसन्न हुए। ईश्वर के समान ही संत भी भक्तों के अधीन हैं। जो उनकी शरण में जाकर उनका अनन्य भाव से पूजन करते हैं, उनकी रक्षा संत करते हैं। शिरडी में कुछ दिन सुखपूर्वक व्यतीत कर पितले परिवार बाबा के समीप मसजिद में गया और चरण-वंदना कर शिरडी से प्रस्थान करने की अनुमति माँगी। बाबा ने उन्हें उदी देकर आशीर्वाद दिया। पितले को पास बुलाकर वे कहने लगे- "बापू! पहले मैंने तुम्हें दो रुपये दिए थे और अब मैं तुम्हें तीन रुपये देता हूँ। इन्हें अपने पूजन में रखकर नित्य इनका पूजन करो। इससे तुम्हारा कल्याण होगा।" श्री पितले ने उन्हें प्रसादस्वरूप ग्रहण कर बाबा को पुनः साष्टांग नमस्कार किया तथा आशीष के लिए प्रार्थना की। उन्हें एक विचार भी आया कि प्रथम अवसर होने के कारण मैं इसका अर्थ समझने में असमर्थ हूँ कि दो रुपये मुझे पहले कब दिए थे। वे इस बात का स्पष्टीकरण चाहते थे, परन्तु बाबा मौन ही रहे। बंबई पहुँचने पर उन्होंने अपनी वृद्ध माता को शिरडी की विस्तृत वार्ता सुनाई और उन दो रुपयों की समस्या भी उनसे कही। उनकी माता को भी पहले-पहल तो कुछ समझ में न आया, परन्तु पूरी तरह विचार करने पर उन्हें एक पुरातन घटना की स्मृति हो आई, जिसने यह समस्या हल कर दी। उनकी वृद्ध माता कहने लगीं- "जिस प्रकार तुम अपने पुत्र को लेकर श्री साईबाबा के दर्शनार्थ गए थे, ठीक उसी प्रकार तुम्हें लेकर तुम्हारे पिता अनेक वर्षों पहले अक्कलकोटकर महाराज के दर्शनार्थ गए थे। महाराज पूर्ण सिद्ध, योगी, त्रिकालज्ञ और बड़े उदार थे। तुम्हारे पिता परम भक्त थे। इस कारण उनकी पूजा स्वीकार हुई। तब महाराज ने उन्हें पूजनार्थ दो रुपये दिए थे, जिनकी उन्होंने जीवनपर्यन्त पूजा की। उनके पश्चात् उनकी पूजा यथाविधि न हो सकी और वे रुपये खो गए। कुछ दिनों के उपरान्त उनकी पूर्ण विस्मृति भी हो गई।" "तुम्हारा सौभाग्य है, जो श्री अक्कलकोटकर महाराज ने साईस्वरूप में तुम्हें अपने कर्तव्यों और पूजन की स्मृति कराकर आपत्तियों से मुक्त कर दिया। अब भविष्य में जागरूक रहकर समस्त शंकाएँ और सोच-विचार छोड़कर अपने पूर्वजों को स्मरण कर रिवाजों का अनुसरण कर, उत्तम प्रकार का आचरण अपनाओ।" "अपने कुलदेव तथा इन रुपयों की पूजा कर उनके यथार्थ स्वरूप को समझो और संतों का आशीर्वाद ग्रहण करने में गर्व मानो। श्री साई समर्थ ने दया कर तुम्हारे हृदय में भक्ति का बीजारोपण कर दिया है और अब तुम्हारा कर्तव्य है कि तुम उसकी वृद्धि करो।" माता के मधुर वचनामृत का पान कर श्री पितले को अत्यंत हर्ष हुआ। उन्हें बाबा की सर्वकालज्ञता विदित हो गई और उनके श्री दर्शन का भी महत्त्व ज्ञात हो गया। इसके पश्चात् वे अपने व्यवहार में अधिक सावधान हो गए। श्री आंबडेकर पूने के श्री गोपाल नारायण आंबडेकर बाबा के परम भक्तों में से एक थे, जो ठाणे जिला और जव्हार स्टेट के आबकारी विभाग में दस वर्षों से कार्य करते थे। वहाँ से सेवानिवृत्त होने पर उन्होंने अन्य नौकरी ढूँढ़ी, परन्तु वे सफल न हुए। तब उन्हें दुर्भाग्य ने चारों ओर से घेर लिया, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और भी अधिक दयनीय हो गई। ऐसी परिस्थिति में उन्होंने सात वर्ष व्यतीत किए। वे प्रति वर्ष शिरडी जाते और अपनी दुःखदायी कथा-वार्ता बाबा को सुनाया करते थे। सन् 1916 में तो उनकी स्थिति और भी अधिक चिंताजनक हो गई। तब उन्होंने शिरडी जाकर आत्महत्या करने की ठानी। इसलिए वे अपनी पत्नी को साथ लेकर शिरडी आए और वहाँ दो मास तक ठहरे। एक रात्रि को दीक्षितवाड़े के सामने एक बैलगाड़ी पर बैठे-बैठे उन्होंने कुएँ में गिरकर प्राणांत करने का निश्चय किया। वहीं समीप ही एक भोजनालय के मालिक श्री सगुण मेरु नायक ठीक उसी समय बाहर आकर उनसे इस प्रकार वार्तालाप करने लगे- "क्या आपने कभी श्री अक्कलकोट महाराज की जीवनी पढ़ी है?" सगुण से पुस्तक लेकर उन्होंने पढ़ना प्रारंभ कर दिया। पुस्तक पढ़ते-पढ़ते वे एक ऐसी कथा पर पहुँचे, जो इस प्रकार थी- श्री अक्कलकोटकर महाराज के जीवनकाल में एक व्यक्ति असाध्य रोग से पीड़ित था। जब वह किसी प्रकार भी कष्ट सह न सका तो वह बिलकुल निराश हो गया और एक रात्रि को कुएँ में कूद पड़ा। तत्क्षण ही महाराज वहाँ पहुँच गए और उन्होंने स्वयं अपने हाथों से उसे बाहर निकाला। वे उसे समझाने लगे कि तुम्हें अपने शुभ-अशुभ कर्मों का फल अवश्य ही भोगना चाहिए। यदि भोग अपूर्ण रह गया तो पुनर्जन्म धारण करना पड़ेगा। इसलिए मृत्यु से यह श्रेयस्कर है कि कुछ काल तक उन्हें सहन कर पूर्व जन्मों के कर्मों का भोग समाप्त कर सदैव के लिए मुक्त हो जाओ। यह सामयिक और उपयुक्त कथा पढ़कर आंबडेकर को महान आश्चर्य हुआ और वे द्रवित हो गए। यदि इस कथा द्वारा उन्हें बाबा का संकेत प्राप्त न होता तो अभी तक उनका प्राणांत ही हो गया होता। बाबा की व्यापकता और दयालुता देखकर उनका विश्वास दृढ़ हो गया और वे बाबा के परम भक्त बन गए। उनके पिता श्री अक्कलकोटकर महाराज के शिष्य थे और बाबा की इच्छा भी उन्हें उन्हीं के पदचिह्नों का अनुसरण कराने की थी। बाबा ने उन्हें आशीर्वाद दिया और अब उनका भाग्य चमक उठा। उन्होंने ज्योतिष शास्त्र के अध्ययन में निपुणता प्राप्त कर उसमें बहुत उन्नति कर ली और बहुत-सा धन अर्जित करके अपना शेष जीवन सुख और शांतिपूर्वक व्यतीत किया। ।। श्री सद्गुरु साईनाथार्पणमस्तु । शुभं भवतु ।।