।। अथ श्रीसाईसच्चरित ।।
अध्याय १८-१९
हेमाडपंत पर बाबा की कृपा कैसे हुई? श्री साठे और श्रीमती राधाबाई देशमुख की कथा, आनन्द प्राप्ति के लिए उत्तम विचारों को प्रोत्साहन, उपदेश में नवीनता, निंदा सम्बन्धी उपदेश और परिश्रम के लिए मजदूरी।
पूर्व विषय
ब्रह्मज्ञान हेतु लालायित एक धनी व्यक्ति के साथ बाबा ने किस प्रकार व्यवहार किया, इसका वर्णन हेमाडपंत ने गत दो अध्यायों में किया है। अब हेमाडपंत पर किस प्रकार बाबा ने अनुग्रह कर, उत्तम विचारों को प्रोत्साहन देकर उन्हें सफलीभूत किया तथा आत्मोन्नति व परिश्रम के प्रतिफल के सम्बन्ध में किस प्रकार उपदेश किए, इनका इन दो अध्यायों में वर्णन किया जाएगा।
विषय
यह विदित ही है कि सद्गुरु पहले अपने शिष्य की योग्यता पर विशेष ध्यान देते हैं। उनके चित्त को किंचित् मात्र भी डावाँडोल न कर वे उपयुक्त उपदेश देकर उन्हें आत्मानुभूति की ओर प्रेरित करते हैं।
इस सम्बन्ध में कुछ लोगों का विचार है कि जो शिक्षा या उपदेश सद्गुरु द्वारा प्राप्त हो, उसे अन्य लोगों में प्रसारित न करना चाहिए। उनकी ऐसी भी धारणा है कि उसे प्रकट कर देने से उसका महत्त्व घट जाता है। यथार्थ में यह दृष्टिकोण संकीर्ण है।
सद्गुरु तो वर्षा ऋतु के मेघसदृश हैं, जो सर्वत्र एक समान बरसते हैं। अर्थात् वे अपने अमृततुल्य उपदेशों को विस्तृत क्षेत्र में प्रसारित करते हैं। प्रथमतः उनके सारांश को ग्रहण कर आत्मसात् कर लें और फिर संकीर्णता से रहित होकर अन्य लोगों में प्रचार करें।
यह नियम जागृत और स्वप्न दोनों अवस्थाओं में प्राप्त उपदेशों के लिए है। उदाहरणार्थ बुधकौशिक ऋषि ने स्वप्न में प्राप्त प्रसिद्ध रामरक्षा स्तोत्र साधारण जनता के हितार्थ प्रकट कर दिया था।
जिस प्रकार एक दयालु माता बालक के उपचारार्थ कड़वी औषधि का बलपूर्वक प्रयोग करती है, उसी प्रकार श्री साईबाबा भी अपने भक्तों के कल्याणार्थ ही उपदेश दिया करते थे। वे अपनी पद्धति गुप्त न रखकर पूर्ण स्पष्टता को ही अधिक महत्त्व देते थे।
इसी कारण जिन भक्तों ने उनके उपदेशों का पूर्णतः पालन किया, वे अपने ध्येय की प्राप्ति में सफल हुए। श्री साईबाबा जैसे सद्गुरु ही ज्ञान-चक्षुओं को खोलकर आत्मा की दिव्यता का अनुभव करा देने में समर्थ हैं।
विषय-वासनाओं से आसक्ति नष्ट कर वे भक्तों की इच्छाओं को पूर्ण कर देते हैं, जिसके फलस्वरूप ही ज्ञान और वैराग्य प्राप्त होकर ज्ञान की उत्तरोत्तर उन्नति होती रहती है। यह सब केवल उसी समय सम्भव है, जब हमें सद्गुरु का सान्निध्य प्राप्त हो तथा सेवा के पश्चात् हम उनके प्रेम को प्राप्त कर सकें।
तभी भगवान भी, जो भक्तकामकल्पतरु हैं, हमारी सहायतार्थ आ जाते हैं। वे हमें कष्टों और दुःखों से मुक्त कर सुखी बना देते हैं। यह सब प्रगति केवल सद्गुरु की कृपा से ही सम्भव है, जो कि स्वयं ईश्वर के प्रतीक हैं। इसलिए हमें सद्गुरु की खोज में सदैव रहना चाहिए।
अब हम मुख्य विषय की ओर आते हैं।
श्री साठे
एक महानुभाव का नाम श्री साठे था। क्रॉफर्ड के शासनकाल में कई वर्ष पूर्व उन्हें कुछ ख्याति प्राप्त हो चुकी थी। इस शासन का बम्बई के गवर्नर लॉर्ड रे ने दमन कर दिया था।
श्री साठे को व्यापार में अधिक हानि हुई और परिस्थितियाँ प्रतिकूल होने के कारण उन्हें बड़ा धक्का लगा। वे अत्यन्त दुःखित और निराश हो गए और अशान्त होने के कारण वे घर छोड़कर किसी एकान्त स्थान में वास करने का विचार करने लगे।
बहुधा मनुष्यों को ईश्वर की स्मृति आपत्तिकाल तथा दुर्दिनों में ही आती है और उनका विश्वास भी ईश्वर की ओर ऐसे ही समय में बढ़ जाता है। तभी वे कष्टों के निवारणार्थ उनसे प्रार्थना करने लगते हैं।
यदि उनके पापकर्म शेष न रहे हों तो भगवान् भी उनकी भेंट किसी संत से करा देते हैं, जो उनके कल्याणार्थ ही उचित मार्ग का निर्देश कर देते हैं।
ऐसा ही श्री साठे के साथ भी हुआ। उनके एक मित्र ने उन्हें शिरडी जाने की सलाह दी, जहाँ मन की शान्ति प्राप्त करने और इच्छापूर्ति के निमित्त देश के कोने-कोने से लोगों के झुंड आते रहते हैं।
उन्हें यह विचार अति रुचिकर प्रतीत हुआ और सन् 1917 में वे शिरडी गए। बाबा के सनातन, पूर्ण-ब्रह्म, स्वयं दीप्तिमान, निर्मल एवं विशुद्ध स्वरूप के दर्शन कर उनके मन की व्यग्रता नष्ट हो गई और उनका चित्त शान्त एवं स्थिर हो गया।
उन्होंने सोचा कि गत जन्मों के संचित शुभ कर्मों के फलस्वरूप ही आज मैं श्री साईबाबा के पवित्र चरणों तक पहुँचने में समर्थ हो सका हूँ।
श्री साठे दृढ़ संकल्प के व्यक्ति थे। इसलिए उन्होंने शीघ्र ही गुरुचरित्र का पारायण प्रारम्भ कर दिया। जब एक सप्ताह में ही चरित्र की प्रथम आवृत्ति समाप्त हो गई, तब बाबा ने उसी रात्रि को उन्हें एक स्वप्न दिया, जो इस प्रकार है।
बाबा अपने हाथ में चरित्र लिए हुए हैं और श्री साठे को कोई विषय समझा रहे हैं तथा श्री साठे सम्मुख बैठे ध्यानपूर्वक श्रवण कर रहे हैं।
जब उनकी निद्रा भंग हुई तो स्वप्न को स्मरण कर वे बहुत प्रसन्न हुए। उन्होंने विचार किया कि यह बाबा की अत्यन्त कृपा है, जो इस प्रकार अचेतनावस्था में पड़े हुए लोगों को जागृत कर उन्हें गुरुचरित्र का अमृतपान करने का अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने यह स्वप्न श्री काकासाहेब दीक्षित को सुनाया और श्री साईबाबा के पास प्रार्थना करने को कहा कि इसका यथार्थ अर्थ क्या है और क्या एक सप्ताह का पारायण ही मेरे लिए पर्याप्त है अथवा उसे पुनः प्रारम्भ करूँ?
श्री काकासाहेब दीक्षित ने उचित अवसर पाकर बाबा से पूछा-
"हे देव! उस दृष्टान्त से आपने श्री साठे को क्या उपदेश दिया है? क्या वे पारायण सप्ताह स्थगित कर दें? वे एक सरलहृदय भक्त हैं। इसलिए उनकी मनोकामना आप पूर्ण करें और हे देव! कृपाकर उन्हें इस स्वप्न का यथार्थ अर्थ भी समझा दें।"
तब बाबा बोले-
"उन्हें गुरुचरित्र का एक सप्ताह और पारायण करना उचित है। यदि वे ध्यानपूर्वक पाठ करेंगे तो उनका चित्त शुद्ध हो जाएगा और शीघ्र ही कल्याण होगा। ईश्वर भी प्रसन्न होकर उन्हें भव-बन्धन से मुक्त कर देंगे।"
इस अवसर पर श्री हेमाडपंत भी वहाँ उपस्थित थे और बाबा के चरणकमलों की सेवा कर रहे थे।
बाबा के वचन सुनकर उन्हें विचार आया कि साठे को केवल सप्ताह के पारायण से ही मनोवांछित फल की प्राप्ति हो गई, जबकि मैं गत 40 वर्षों से गुरुचरित्र का पारायण कर रहा हूँ, जिसका कोई परिणाम अब तक न निकला।
उनका केवल सात दिनों तक शिरडी निवास ही सफल हुआ और मेरा गत सात वर्ष का (1910-17) सहवास क्या व्यर्थ हो गया?
चातक पक्षी के समान मैं सदा उस कृपाघन की राह देखा करता हूँ, जो मेरे ऊपर अमृतवर्षण करें। वे कब मुझे अपने उपदेश देने की कृपा करेंगे?
ऐसा विचार उनके मस्तिष्क में आया ही था कि बाबा को सब ज्ञात हो गया।
ऐसा भक्तों ने सदैव ही अनुभव किया है कि उनके समस्त विचारों को जानकर बाबा तुरन्त कुविचारों का दमन कर उत्तम विचारों को प्रोत्साहित करते थे।
हेमाडपंत का ऐसा विचार जानकर बाबा ने तुरन्त ही आज्ञा दी-
"शामा के यहाँ जाओ और कुछ समय उनसे वार्तालाप कर, 15 रुपये दक्षिणा ले आओ।"
बाबा को दया आ गई थी। इसी कारण उन्होंने ऐसी आज्ञा दी। उनकी अवज्ञा करने का साहस भी किसे था?
श्री हेमाडपंत शीघ्र शामा के घर पहुँचे। इस समय शामा स्नान कर धोती पहन रहे थे। उन्होंने बाहर आकर हेमाडपंत से पूछा-
"आप यहाँ कैसे? जान पड़ता है कि आप मस्जिद से ही आ रहे हैं तथा आप ऐसे व्यथित और उदास क्यों हैं? आप अकेले ही क्यों आए हैं? आइए, बैठिए और थोड़ा विश्राम तो करिए। जब तक मैं पूजनादि से भी निवृत्त हो जाऊँ, तब तक आप कृपा करके पान आदि लें। इसके पश्चात् ही हम और आप सुखपूर्वक वार्तालाप करें।"
ऐसा कहकर वे भीतर चले गए।
दालान में बैठे-बैठे हेमाडपंत की दृष्टि अचानक खिड़की पर रखे नाथ भागवत पर पड़ी। नाथ भागवत श्री एकनाथ द्वारा रचित महाभागवत के 11वें स्कन्ध पर मराठी भाषा में की हुई एक टीका है।
श्री साईबाबा की आज्ञानुसार श्री बापूसाहेब जोग और श्री काकासाहेब दीक्षित शिरडी में नित्य भगवद्गीता का मराठी टीकासहित, जिसका नाम भावार्थ दीपिका या ज्ञानेश्वरी है, नाथ भागवत और एकनाथ का महान ग्रन्थ भावार्थरामायण का पठन किया करते थे।
जब भक्तगण बाबा से कोई प्रश्न पूछने आते तो वे कभी आंशिक उत्तर देते और कभी उनको उपयुक्त भागवत तथा प्रमुख ग्रन्थों का श्रवण करने को कहते थे, जिन्हें सुनने पर भक्तों को अपने प्रश्नों के पूर्णतया संतोषप्रद उत्तर प्राप्त हो जाते थे।
श्री हेमाडपंत भी नित्य प्रति नाथ भागवत के कुछ अंशों का पाठ किया करते थे।
आज प्रातः मस्जिद को जाते समय कुछ भक्तों के सत्संग के कारण उन्होंने अपना नित्य नियमानुसार पाठ अधूरा ही छोड़ दिया था।
उन्होंने जैसे ही वह ग्रन्थ उठाकर खोला तो अपने अपूर्ण भाग का पृष्ठ सामने देखकर उनको आश्चर्य हुआ। उन्होंने सोचा कि बाबा ने इसी कारण ही मुझे यहाँ भेजा है, ताकि मैं अपना शेष पाठ पूरा कर लूँ।
उन्होंने शेष अंश का पाठ आरम्भ कर दिया। पाठ पूर्ण होते ही शामा भी बाहर आए और उन दोनों में वार्तालाप होने लगा।
हेमाडपंत ने कहा-
"मैं बाबा का एक संदेश लेकर आपके पास आया हूँ। उन्होंने मुझे आपसे 15 रुपये दक्षिणा लाने तथा थोड़ी देर वार्तालाप कर आपको अपने साथ लेकर मस्जिद वापस आने की आज्ञा दी है।"
शामा आश्चर्य से बोले-
"मेरे पास तो एक फूटी कौड़ी भी नहीं है। इसलिए आप रुपयों के बदले दक्षिणा में मेरे पंद्रह नमस्कार ही ले जाओ।"
तब हेमाडपंत ने कहा-
"ठीक है, मुझे आपके पन्द्रह नमस्कार ही स्वीकार हैं। आइए, अब हम कुछ वार्तालाप करें और कृपा कर बाबा की कुछ लीलाएँ आप मुझे सुनाएँ, जिससे पाप नष्ट हों।"
शामा बोले-
"तो कुछ देर बैठो। इस ईश्वर (बाबा) की लीला अद्भुत है। कहाँ मैं एक अशिक्षित देहाती और कहाँ आप एक विद्वान्! यहाँ आने के पश्चात् तो आप बाबा की अनेक लीलाएँ स्वयं देख ही चुके हैं, जिनका अब मैं आपके सामने कैसे वर्णन कर सकता हूँ? अच्छा, यह पान-सुपारी तो खाओ, तब तक मैं कपड़े पहन लूँ।"
थोड़ी देर में शामा बाहर आए और फिर उन दोनों में इस प्रकार वार्तालाप होने लगा।
श्रीमती राधाबाई देशमुख
शामा बोले-
"इस परमेश्वर (बाबा) की लीलाएँ अगाध हैं, जिसका कोई पार नहीं। वे तो लीलाओं से अलिप्त रहकर सदैव विनोद किया करते हैं। इसे हम अज्ञानी जीव क्या समझ सकें? बाबा स्वयं ही क्यों नहीं कहते? आप जैसे विद्वान् को मुझ जैसे मूर्ख के पास क्यों भेजा है? उनकी कार्यप्रणाली कल्पना के परे है।
"मैं तो इस विषय में केवल इतना ही कह सकता हूँ कि वे लौकिक नहीं हैं।"
इस भूमिका के साथ ही शामा ने कहा-
"अब मुझे एक कथा की स्मृति हो आई है, जिसे मैं व्यक्तिगत रूप से जानता हूँ! जैसी भक्त की निष्ठा और भाव होता है, बाबा भी उसी प्रकार उनकी सहायता करते हैं। कभी-कभी तो बाबा भक्त की कठिन परीक्षा लेकर ही उसे उपदेश दिया करते हैं।"
'उपदेश' शब्द सुनकर साठे के गुरुचरित्र-पारायण की घटना का तत्काल ही स्मरण करके हेमाडपंत को रोमांच हो आया।
उन्होंने सोचा, कदाचित् बाबा ने मेरे चित्त की चंचलता नष्ट करने के लिए ही मुझे यहाँ भेजा है?
फिर भी वे अपने विचार प्रकट न कर शामा की कथा को ध्यानपूर्वक सुनने लगे।
उन सब कथाओं का सार केवल यही था कि अपने भक्तों के प्रति बाबा के मन में कितनी दया और स्नेह है। इन कथाओं को श्रवण कर हेमाडपंत को आन्तरिक उल्लास का अनुभव होने लगा।
तब शामा ने नीचे लिखी कथा कही।
एक समय एक वृद्धा, राधाबाई, जो खाशाबा देशमुख की माँ थीं, बाबा की कीर्ति सुनकर संगमनेर के लोगों के साथ शिरडी आईं।
बाबा के श्रीदर्शन कर उन्हें अत्यन्त प्रसन्नता हुई। श्री साईचरणों में उनकी अटल श्रद्धा थी। इसलिए उन्होंने यह निश्चय किया कि जैसे भी हो, बाबा को अपना गुरु बना, उनसे उपदेश ग्रहण किया जाए।
आमरण अनशन का दृढ़ निश्चय कर अपने विश्रामगृह में आकर उन्होंने अन्न-जल त्याग दिया और इस प्रकार तीन दिन व्यतीत हो गए।
मैं इस वृद्धा की अग्निपरीक्षा से बिल्कुल भयभीत हो गया और बाबा से प्रार्थना करने लगा-
"देव! आपने अब यह क्या करना आरम्भ कर दिया है? ऐसे कितने लोगों को आप यहाँ आकर्षित किया करते हैं? आप उस वृद्ध महिला से पूर्ण परिचित ही हैं, जो हठपूर्वक आप पर अवलम्बित है।
"यदि आपने कृपादृष्टि कर उसे उपदेश न दिया और यदि दुर्भाग्यवश उसे कुछ हो गया तो लोग व्यर्थ ही आपको दोषी ठहराएँगे और कहेंगे कि बाबा से उपदेश प्राप्त न होने की वजह से ही उसकी मृत्यु हो गई है।
"इसलिए अब दया कर उसे आशीष और उपदेश दीजिए।"
वृद्धा का ऐसा दृढ़ निश्चय देखकर बाबा ने उसे अपने पास बुलाया और मधुर उपदेश देकर उसकी मनोवृत्ति परिवर्तित कर कहा-
"हे माता! क्यों व्यर्थ ही तुम यातना सहकर मृत्यु का आलिंगन करना चाहती हो! तुम मेरी माँ और मैं तुम्हारा बेटा। तुम मुझ पर दया करो और जो कुछ मैं कहूँ, उसे ध्यानपूर्वक सुनो।
"मैं अपनी स्वयं की कथा तुमसे कहता हूँ और यदि तुम उसे ध्यानपूर्वक श्रवण करोगी तो तुम्हें अवश्य परम शान्ति प्राप्त होगी।
"मेरे एक गुरु, जो बड़े सिद्ध पुरुष थे, मुझ पर बड़े दयालु थे। दीर्घ काल तक मैं उनकी सेवा करता रहा, फिर भी उन्होंने मेरे कानों में कोई मंत्र न फूँका।
"मैं उनसे कभी अलग होना भी नहीं चाहता था। मेरी प्रबल उत्कंठा थी कि उनकी सेवा कर जिस प्रकार भी सम्भव हो, मंत्र प्राप्त करूँ।
"परन्तु उनकी रीति तो न्यारी ही थी। उन्होंने पहले मेरा मुण्डन कर मुझसे दो पैसे दक्षिणा में माँगे, जो मैंने तुरन्त ही दे दिए।
"यदि तुम प्रश्न करो कि मेरे गुरु जब पूर्णकाम थे तो उन्हें पैसे माँगना क्या शोभनीय था? और फिर उन्हें विरक्त भी कैसे कहा जा सकता था?
"इसका उत्तर केवल यह है कि वे कांचन को ठुकराया करते थे, क्योंकि उन्हें उसकी स्पर्श में भी आवश्यकता न थी।
"उन दो पैसों का अर्थ था-
(१) दृढ़ निष्ठा और (२) धैर्य।
"जब मैंने ये दोनों वस्तुएँ उन्हें अर्पित कर दीं तो वे अत्यन्त प्रसन्न हुए।
"मैंने बारह वर्ष उनके श्रीचरणों की सेवा में ही व्यतीत किए। उन्होंने ही मेरा भरण-पोषण किया। अतः मुझे भोजन और वस्त्रों का कोई अभाव न था।
"वे प्रेम की मूर्ति थे अथवा यूँ कहो कि वे प्रेम के साक्षात् अवतार थे। मैं उनका वर्णन ही कैसे कर सकता हूँ, क्योंकि उनका तो मुझ पर अधिक स्नेह था और उनके समान गुरु कोई बिरला ही मिलेगा।
"जब मैं उनकी ओर निहारता तो मुझे ऐसा प्रतीत होता कि वे गम्भीर मुद्रा में ध्यानमग्न हैं और तब हम दोनों आनंदित हो जाते थे।
"आठों प्रहर मैं एकटक उनके ही श्रीमुख की ओर निहारा करता था। मैं भूख और प्यास की सुध-बुध खो बैठा। उनके दर्शनों के बिना मैं अशान्त हो उठता था।
"गुरु-सेवा की चिन्ता के अतिरिक्त मेरे लिए कोई और चिन्तनीय विषय या पदार्थ न था। मुझे तो सदैव उन्हीं का ध्यान रहता था। अतः मेरा मन उनके चरणकमलों में मग्न हो गया।
"यह हुई एक पैसे की दक्षिणा। धैर्य है दूसरा पैसा।
"मैं धैर्यपूर्वक बहुत काल तक प्रतीक्षा कर गुरुसेवा करता रहा। यही धैर्य तुम्हें भी भवसागर से पार उतार देगा।
"धैर्य ही मनुष्य में मनुष्यत्व है। धैर्य धारण करने से समस्त पाप और मोह नष्ट होकर उनके हर प्रकार के संकट दूर होते तथा भय जाता रहता है।
"इसी प्रकार तुम्हें भी अपने ध्येय की प्राप्ति हो जाएगी। धैर्य तो गुणों की खान व उत्तम विचारों की जननी है। निष्ठा और धैर्य दो जुड़वाँ बहनों के समान ही हैं, जिनमें परस्पर प्रगाढ़ प्रेम है।"
बाबा आगे बोले-
"मेरे गुरु मुझसे किसी वस्तु की आकांक्षा न रखते थे। उन्होंने कभी मेरी उपेक्षा न की, वरन् सदैव रक्षा करते रहे।
"यद्यपि मैं सदैव उनके चरणों के समीप ही रहता था, फिर भी कभी किन्हीं अन्य स्थानों पर यदि चला जाता तो भी मेरे प्रेम में कभी कमी न हुई। वे सदा मुझ पर कृपादृष्टि रखते थे।
"जिस प्रकार कछुवी प्रेमदृष्टि से अपने बच्चों का पालन करती है, चाहे वे उसके समीप हों अथवा नदी के उस पार।
"सो हे माँ! मेरे गुरु ने तो मुझे कोई मंत्र सिखाया ही नहीं, तब मैं तुम्हारे कान में कैसे कोई मंत्र फूँकूँ?
"केवल इतना ही ध्यान रखो कि गुरु की भी कछुवी के समान प्रेम-दृष्टि से हमें संतोष प्राप्त होता है। इस कारण व्यर्थ में किसी से उपदेश प्राप्त करने का प्रयत्न न करो।
"मुझे ही अपने विचारों तथा कर्मों का मुख्य ध्येय बना लो और तब तुम्हें निस्संदेह ही परमार्थ की प्राप्ति हो जाएगी।
"मेरी ओर अनन्य भाव से देखो तो मैं भी तुम्हारी ओर वैसा ही देखूँगा।
"इस मस्जिद में बैठकर मैं सत्य ही बोलूँगा कि किन्हीं साधनाओं या शास्त्रों के अध्ययन की आवश्यकता नहीं, वरन् केवल गुरु में विश्वास ही पर्याप्त है।
"पूर्ण विश्वास रखो कि गुरु ही कर्ता है और वह धन्य है, जो गुरु की महानता से परिचित हो उसे हरि, हर और ब्रह्म (त्रिमूर्ति) का अवतार समझता है।"
इस प्रकार समझाने से वृद्ध महिला को सान्त्वना मिली और उसने बाबा को नमन कर अपना उपवास त्याग दिया।
यह कथा ध्यानपूर्वक एकाग्रता से श्रवण कर तथा उसके उपयुक्त अर्थ पर विचार कर हेमाडपंत को बड़ा आश्चर्य हुआ। उनका हृदय भर आया और उन्हें रोमांच हो उठा।
अत्यन्त आनन्दविभोर हो जाने से उनका कंठ रुँध गया और वे मुख से एक शब्द भी न बोल सके।
उनकी ऐसी स्थिति देखकर शामा ने पूछा-
"आप ऐसे स्तब्ध क्यों हो गए? बात क्या है? बाबा की तो इस प्रकार की लीलाएँ अगणित हैं, जिनका वर्णन मैं किस मुख से करूँ?"
बाबा की कृपा का रहस्य
ठीक उसी समय मस्जिद में घण्टानाद होने लगा, जो कि मध्याह्न पूजन तथा आरती के आरम्भ का द्योतक था।
तब शामा और हेमाडपंत भी शीघ्र ही मस्जिद की ओर चले। बापूसाहेब जोग ने पूजन आरम्भ कर दिया था। स्त्रियाँ मस्जिद में ऊपर खड़ी थीं और पुरुष वर्ग नीचे मंडप में।
सब उच्च स्वर में वाद्यों के साथ-साथ आरती गा रहे थे।
तभी हेमाडपंत का हाथ पकड़े हुए शामा भी ऊपर पहुँचे और वे बाबा के दाहिनी ओर तथा हेमाडपंत बाबा के सामने बैठ गए।
उन्हें देखकर बाबा ने शामा से लाई हुई दक्षिणा देने के लिए कहा।
तब हेमाडपंत ने उत्तर दिया-
"रुपयों के बदले शामा ने मेरे द्वारा आपको पन्द्रह नमस्कार भेजे हैं तथा स्वयं ही यहाँ आकर उपस्थित हो गए हैं।"
बाबा ने कहा-
"अच्छा, ठीक है। तो अब मुझे यह बताओ कि तुम दोनों में आपस में किस विषय पर वार्तालाप हुआ था?"
तब घंटे, ढोल और सामूहिक गान की ध्वनि की चिन्ता न करते हुए हेमाडपंत उत्कंठापूर्वक उन्हें वह वार्तालाप सुनाने लगे।
बाबा भी सुनने को अति उत्सुक थे। इसलिए वे तकिया छोड़कर थोड़ा आगे झुक गए।
हेमाडपंत ने कहा कि वार्ता अति सुखदायी थी। विशेषकर उस वृद्ध महिला की कथा तो ऐसी अद्भुत थी कि जिसे श्रवण कर मुझे तुरन्त ही विचार आया कि आपकी लीलाएँ अगाध हैं और इस कथा की ही ओट में आपने मुझ पर विशेष कृपा की है।
तब बाबा ने कहा-
"वह तो बहुत ही आश्चर्यपूर्ण है। अब मेरी तुम पर कृपा कैसे हुई, इसका पूर्ण विवरण सुनाओ।"
कुछ काल पूर्व सुना वार्तालाप जो उनके हृदय-पटल पर अंकित हो चुका था, वह सब उन्होंने बाबा को सुना दिया।
वार्ता सुनकर बाबा अति प्रसन्न होकर कहने लगे-
"क्या कथा से प्रभावित होकर उसका अर्थ भी तुम्हारी समझ में आया है?"
तब हेमाडपंत ने उत्तर दिया-
"हाँ, बाबा, आया तो है। उससे मेरे चित्त की चंचलता नष्ट हो गई है। अब यथार्थ में मैं वास्तविक शान्ति और सुख का अनुभव कर रहा हूँ तथा मुझे सत्य मार्ग का पता चल गया है।"
तब बाबा बोले-
"सुनो, मेरी पद्धति भी अद्वितीय है। यदि इस कथा का स्मरण रखोगे तो यह बहुत ही उपयोगी सिद्ध होगी।
"आत्मज्ञान प्राप्त करने के लिए ध्यान अत्यन्त आवश्यक है और यदि तुम इसका निरन्तर अभ्यास करते रहोगे तो कुप्रवृत्तियाँ शान्त हो जाएँगी।
"तुम्हें आसक्तिरहित होकर सदैव ईश्वर का ध्यान करना चाहिए, जो सर्व प्राणियों में व्याप्त है और जब इस प्रकार मन एकाग्र हो जाएगा तो तुम्हें ध्येय की प्राप्ति हो जाएगी।
"मेरे निराकार सच्चिदानन्द स्वरूप का ध्यान करो। यदि तुम ऐसा करने में अपने को असमर्थ मानो तो मेरे साकार रूप का ही ध्यान करो, जैसा कि तुम मुझे दिन-रात यहाँ देखते हो।
"इस प्रकार तुम्हारी वृत्तियाँ केन्द्रित हो जाएँगी तथा ध्याता, ध्यान और ध्येय का पृथकत्व नष्ट होकर ध्याता चैतन्य से एकत्व को प्राप्त कर ब्रह्म के साथ अभिन्न हो जाएगा।
"कछुवी नदी के इस किनारे पर रहती है और उसके बच्चे दूसरे किनारे पर। न वह उन्हें दूध पिलाती है और न हृदय से ही लगातार लगाती है, वरन् केवल उसकी प्रेम-दृष्टि से ही उनका भरण-पोषण हो जाता है।
"छोटे बच्चे भी कुछ न करके केवल अपनी माँ का ही स्मरण करते रहते हैं। उन छोटे-छोटे बच्चों पर कछुवी की केवल दृष्टि ही उन्हें अमृततुल्य आहार और आनन्द प्रदान करती है।
"ऐसा ही गुरु और शिष्य का भी सम्बन्ध है।"
बाबा ने ये अंतिम शब्द कहे ही थे कि आरती समाप्त हो गई और सबने उच्च स्वर से-
"श्री सच्चिदानन्द सद्गुरु साईनाथ महाराज की जय!"
बोली।
प्रिय पाठको! कल्पना करो कि हम सब भी इस समय उसी भीड़ और जयजयकार में सम्मिलित हैं।
आरती समाप्त होने पर प्रसाद वितरण हुआ। बापूसाहेब जोग हमेशा की तरह आगे बढ़े और बाबा को नमस्कार कर कुछ मिश्री का प्रसाद दिया।
यह मिश्री हेमाडपंत को देकर वे बोले-
"यदि तुम इस कथा को अच्छी तरह से सदैव स्मरण रखोगे तो तुम्हारी भी स्थिति इस मिश्री के समान मधुर होकर समस्त इच्छाएँ पूर्ण हो जाएँगी और तुम सुखी हो जाओगे।"
हेमाडपंत ने बाबा को साष्टांग प्रणाम किया और स्तुति की-
"प्रभो! इसी प्रकार दया कर सदैव मेरी रक्षा करते रहो।"
तब बाबा ने आशीर्वाद देकर कहा-
"इन कथाओं को श्रवण कर, नित्य मनन तथा निदिध्यासन कर, सारे तत्व को ग्रहण करो; तब तुम्हें ईश्वर का सदा स्मरण तथा ध्यान बना रहेगा और वह स्वयं तुम्हारे समक्ष अपने स्वरूप को प्रकट कर देगा।"
प्यारे पाठकों! हेमाडपंत को उस समय मिश्री का प्रसाद भली-भाँति मिला, जो आज हमें इस कथामृत के पान करने का अवसर प्राप्त हुआ।
आओ, हम भी उस कथा का मनन करें तथा उसका सारग्रहण कर बाबा की कृपा से स्वस्थ और सुखी हो जाएँ।
अपने बर्ताव के सम्बन्ध में बाबा का उपदेश
नीचे दिए हुए अमूल्य वचन सर्वसाधारण भक्तों के लिए हैं और यदि उन्हें ध्यान में रखकर आचरण में लाया गया तो सदैव ही कल्याण होगा।
जब तक किसी से कोई पूर्व नाता या सम्बन्ध न हो, तब तक कोई किसी के समीप नहीं जाता।
यदि कोई मनुष्य या प्राणी तुम्हारे समीप आए तो उसे असभ्यता से न ठुकराओ। उसका स्वागत कर आदरपूर्वक व्यवहार करो।
यदि तृषित को जल, क्षुधा-पीड़ित को भोजन, नंगे को वस्त्र और आगन्तुक को अपना दालन विश्राम करने को दोगे तो भगवान् श्रीहरि तुमसे निःसन्देह प्रसन्न होंगे।
यदि कोई तुमसे द्रव्य-याचना करे और तुम्हारी इच्छा देने की न हो तो न दो, परन्तु उसके साथ कुत्ते के समान ही व्यवहार न करो।
तुम्हारी कोई कितनी ही निन्दा क्यों न करे, फिर भी कटु उत्तर देकर तुम उस पर क्रोध न करो।
यदि इस प्रकार ऐसे प्रसंगों से सदैव बचते रहे तो यह निश्चित ही है कि तुम सुखी रहोगे।
संसार चाहे उलट-पलट हो जाए, परन्तु तुम्हें स्थिर रहना चाहिए। सदा अपने स्थान पर दृढ़ रहकर गतिमान दृश्य को शान्तिपूर्वक देखो।
एक को दूसरे से अलग रखने वाली भेद अर्थात् द्वैत की दीवार नष्ट कर दो, जिससे अपना मिलन-पथ सुगम हो जाए।
द्वैत भाव अर्थात् "मैं और तू" ही भेद-वृत्ति है, जो शिष्य को उसके गुरु से पृथक् कर देती है। इसलिए जब तक इसका नाश न हो जाए, तब तक अभिन्नता प्राप्त करना सम्भव नहीं है।
"अल्लाह मालिक" अर्थात् ईश्वर ही सर्वशक्तिमान् है और उसके सिवा अन्य कोई संरक्षणकर्ता नहीं है।
उनकी कार्यप्रणाली अलौकिक, अनमोल और कल्पना से परे है। उनकी इच्छा से ही सब कार्य होते हैं। वे ही मार्ग-प्रदर्शन कर सभी इच्छाएँ पूर्ण करते हैं।
ऋणानुबन्ध के कारण ही हमारा संगम होता है, इसलिए हमें परस्पर प्रेम कर एक-दूसरे की सेवा कर सदैव सन्तुष्ट रहना चाहिए।
जिसने अपने जीवन का ध्येय अर्थात् ईश्वर-दर्शन पा लिया है, वही धन्य और सुखी है। दूसरे तो केवल कहने को ही, जब तक प्राण हैं, तब तक जीवित हैं।
उत्तम विचारों को प्रोत्साहन
यह ध्यान देने योग्य बात है कि श्री साईबाबा सदैव उत्तम विचारों को प्रोत्साहन दिया करते थे।
इसलिए यदि हम प्रेम और भक्तिपूर्वक अनन्य भाव से उनकी शरण जाएँ तो हमें अनुभव हो जाएगा कि वे अनेक अवसरों पर हमें किस प्रकार सहायता पहुँचाते हैं।
किसी संत का कथन है कि यदि प्रातःकाल तुम्हारे हृदय में कोई उत्तम विचार उत्पन्न हो और यदि तुम उसकी पुष्टि दिनभर करो तो वह तुम्हारा विवेक अत्यन्त विकसित और चित्त प्रसन्न कर देगा।
हेमाडपंत भी इसका अनुभव करना चाहते थे। इसलिए इस पवित्र शिरडी भूमि पर अगले शुभ गुरुवार के समूचे दिन नामस्मरण और कीर्तन में ही व्यतीत करूँ, ऐसा विचार कर वे सो रहे।
दूसरे दिन प्रातःकाल उठने पर उन्हें सहज ही राम-नाम का स्मरण हो आया, जिससे वे प्रसन्न हुए और नित्य कर्म समाप्त कर कुछ पुष्प लेकर बाबा के दर्शन करने को गए।
जब वे दीक्षित के वाड़े को पार कर बूटी-वाड़े के समीप से जा रहे थे तो उन्हें एक मधुर भजन की ध्वनि, जो मस्जिद की ओर से आ रही थी, सुनाई पड़ी।
यह एकनाथ का रोचक भजन औरंगाबादकर मधुर लयपूर्वक बाबा के समक्ष गा रहे थे-
गुरुकृपांजन पायो मेरे भाई।
बिना कुछ मानत नाहीं।। धृ.।।
अन्दर रामा बाहर रामा।
सपने में देखत सीतारामा।। १।। गुरु।।
जागत रामा सोवत रामा।
जहाँ देख तहाँ पूरन कामा।। २।। गुरु।।
एका जनार्दनी अनुभव नीका।
जहाँ देखे वहाँ रामसरीखा।। ३।। गुरु।।
भजन अनेकों हैं, परन्तु विशेषकर यह भजन ही क्यों औरंगाबादकर ने चुना?
क्या यह बाबा द्वारा ही संयोजित विचित्र अनुरूपता नहीं है? और क्या यह हेमाडपंत के गत दिन अखण्ड रामनाम स्मरण के संकल्प को प्रोत्साहन नहीं है?
सभी संतों का इस सम्बन्ध में एक ही मत है और सभी रामनाम के जप को प्रभावकारी तथा भक्तों की इच्छापूर्ति और सभी कष्टों से छुटकारा पाने के लिए इसे एक अमोघ इलाज बतलाते हैं।
निन्दा सम्बन्धी उपदेश
उपदेश देने के लिए किसी विशेष समय या स्थान की प्रतीक्षा न कर बाबा यथायोग्य समय पर ही स्वतन्त्रतापूर्वक उपदेश दिया करते थे।
एक बार एक भक्त ने बाबा की अनुपस्थिति में दूसरे लोगों के सम्मुख किसी को अपशब्द कहे। गुणों की उपेक्षा कर उसने अपने भाई के दोषारोपण में इतने बुरे-कुवाक्यों का प्रयोग किया कि सुननेवालों को भी उससे घृणा होने लगी।
बहुधा देखने में आता है कि लोग व्यर्थ ही दूसरों की निन्दा कर झगड़ा और बुराइयाँ उत्पन्न करते हैं।
संत तो परदोषों को दूसरी ही दृष्टि से देखा करते हैं। उनका कथन है कि शुद्धि के लिए अनेक विधियों में मिट्टी, जल और साबुन पर्याप्त है, परन्तु निन्दा करने वालों की युक्ति भिन्न ही होती है।
वे दूसरों के दोषों को केवल अपनी जिह्वा से ही दूर करते हैं और इस प्रकार वे दूसरों की निन्दा कर उनका उपकार ही किया करते हैं, जिसके लिए वे धन्यवाद के पात्र हैं।
निन्दक को उचित मार्ग पर लाने के लिए साईबाबा की पद्धति सर्वथा ही भिन्न थी। वे तो सर्वज्ञ थे ही, इसलिए उस निन्दक के कार्य को वे समझ गए।
मध्याह्नकाल में जब लेण्डी के समीप उससे भेंट हुई, तब उन्होंने विष्ठा खाते हुए एक सुअर की ओर उँगली उठाकर उससे कहा-
"देखो, वह कितने प्रेमपूर्वक विष्ठा खा रहा है। तुम जी भरकर अपने भाइयों को सदा अपशब्द कहा करते हो और यह तुम्हारा आचरण भी ठीक उसी के सदृश ही है।
"अनेक शुभ कर्मों के परिणामस्वरूप ही तुम्हें मानव-तन प्राप्त हुआ और इसलिए यदि तुमने इसी प्रकार आचरण किया तो शिरडी तुम्हारी सहायता ही क्या कर सकेगी?"
कबीर का प्रसिद्ध दोहा है-
निंदक नियरे राखिए, आँगन कुटी छवाय।
बिन पानी साबुन बिना, निर्मल करत सुभाय।।
कहने का तात्पर्य केवल यह है कि भक्त ने उपदेश ग्रहण कर लिया और वह वहाँ से चला गया।
इस प्रकार प्रसंगानुसार ही वे उपदेश दिया करते थे। यदि उन पर ध्यान देकर नित्य उनका पालन किया जाए तो आध्यात्मिक ध्येय अधिक दूर न होगा।
परिश्रम के लिए मजदूरी
एक कहावत प्रचलित है-
"यदि मेरा श्रीहरि होगा तो वह मुझे चारपाई पर बैठे-बैठे ही भोजन पहुँचा देगा।"
यह कहावत भोजन और वस्त्र के विषय में सत्य प्रतीत हो सकती है, परन्तु यदि कोई इस पर विश्वास कर आलस्यवश बैठा रहे तो वह आध्यात्मिक क्षेत्र में कुछ भी प्रगति न कर उलटे पतन के घोर अन्धकार में मग्न हो जाएगा।
इसलिए आत्मानुभूति-प्राप्ति के लिए प्रत्येक को अनवरत परिश्रम करना चाहिए और जितना प्रयत्न वह करेगा, उतना ही उसके लिए लाभप्रद भी होगा।
बाबा ने कहा-
"मैं तो सर्वव्यापी हूँ और विश्व के समस्त भूतों तथा चराचर में व्याप्त रहकर भी अनन्त हूँ।"
केवल उनके श्रम-निवारणार्थ ही, जिनकी दृष्टि में वे साढ़े तीन हाथ के मानव थे, स्वयं सगुण रूप धारण कर अवतीर्ण हुए।
इसलिए जो भक्त अनन्य भाव से उनकी शरण आए और जिन्होंने दिन-रात ही उनका ध्यान किया, उन्हें उनसे अभिन्नता प्राप्त हुई, जिस प्रकार गादुर्य और मिश्री, लहर और समुद्र तथा नेत्र और कान्ति में अभिन्नता हुआ करती है।
जो आवागमन के चक्र से मुक्त होना चाहें, वे शान्त और स्थिर होकर अपना धार्मिक जीवन व्यतीत करें।
दुःखदायी कटु शब्दों के प्रयोग से किसी को दुःखित न कर सदैव उत्तम कार्यों में संलग्न रहकर अपना कर्तव्य करते हुए अनन्य भाव से भयरहित होकर उनकी शरण में जाना चाहिए।
जो पूर्ण विश्वास से उनकी लीलाओं का श्रवण कर उनका मनन करेगा तथा अन्य वस्तुओं की चिन्ता त्याग देगा, उसे निस्सन्देह ही आत्मानुभूति की प्राप्ति होगी।
उन्होंने अनेकों से नाम का जप कर अपनी शरण में आने को कहा।
जो यह जानने को उत्सुक थे कि "मैं कौन हूँ?", बाबा ने उन्हें भी लीलाएँ श्रवण और मनन करने का परामर्श दिया।
किसी को भगवत्-लीलाओं का श्रवण, किसी को भगवत्पूजन तो किसी को अध्यात्मरामायण व ज्ञानेश्वरी तथा धार्मिक ग्रन्थों का पठन एवं अध्ययन करने को कहा।
अनेकों को अपने चरणों के समीप ही रखकर बहुतों को खंडोबा के मन्दिर में भेजा तथा अनेकों को विष्णु सहस्रनाम का जप करने व छान्दोग्य उपनिषद् तथा गीता का अध्ययन करने को कहा।
उनके उपदेशों की कोई सीमा न थी। उन्होंने किन्हीं को प्रत्यक्ष और बहुतों को स्वप्न में दृष्टान्त दिए।
एक बार वे एक मदिरा-सेवी के स्वप्न में प्रकट होकर उसकी छाती पर चढ़ गए और जब उसने मद्यपान त्यागने की शपथ खाई, तभी उसे छोड़ा।
किसी-किसी को मंत्र जैसे "गुरुर्ब्रह्मा..." आदि का अर्थ स्वप्न में समझाया तथा कुछ हठयोगियों को हठयोग छोड़ने की राय देकर चुपचाप बैठ धैर्य रखने को कहा।
उनके सुगम पथ और विधि का वर्णन ही असम्भव है।
साधारण सांसारिक व्यवहारों में उन्होंने अपने आचरण द्वारा ऐसे अनेकों उदाहरण प्रस्तुत किए, जिनमें से एक यहाँ नीचे दिया जाता है।
एक दिन बाबा ने राधाकृष्णामाई के घर के समीप आकर एक सीढ़ी लाने को कहा।
तब एक भक्त सीढ़ी ले आया और उनके बतलाए अनुसार वामन गोंदकर के घर पर उसे लगाया। वे उनके घर पर चढ़ गए और राधाकृष्णामाई के छप्पर पर से होकर दूसरे छोर से नीचे उतर आए।
इसका अर्थ किसी की समझ में न आया।
राधाकृष्णामाई इस समय ज्वर से काँप रही थीं। इसलिए हो सकता है कि उनका ज्वर दूर करने के लिए ही उन्होंने ऐसा कार्य किया हो।
नीचे उतरने के पश्चात् शीघ्र ही उन्होंने सीढ़ी लाने वाले के दो रुपये पारिश्रमिक स्वरूप दिए।
तब एक ने साहस कर उनसे पूछा कि इतने अधिक पैसे देना क्या अर्थ रखता है?
उन्होंने कहा-
"किसी से बिना उसके परिश्रम का मूल्य चुकाए कार्य न कराना चाहिए और कार्य करनेवाले को उसके श्रम का शीघ्र निपटारा कर उदार हृदय से मजदूरी देनी चाहिए।"
।। श्री सद्गुरु साईनाथार्पणमस्तु । शुभं भवतु ।।